होटल में पैसों के लेन देन पर हुआ झगड़ा, 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

12/4/2020 3:16:50 PM

शाहाबाद मारकंडा : शाहाबाद पुलिस ने एक होटल में पैसों के लेन देन पर हुए झगड़े एवं मार पिटाई  के मामले  में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में अम्बाला छावनी निवासी रजत कुमार ने कहा कि वह गांव मोहड़ी स्थित रनवे होटल में खाना बनाने का कार्य करता है।

शिकायत में बताया कि होटल के मैनेजर राजीव अन्नी ने बताया कि उसके होटल में शादी की सालगिरह का प्रोग्राम है और यह कार्यक्रम अम्बाला शहर  निवासी राहुल बंबोरिया के माध्यम से बुक हुआ है। कार्यक्रम में शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक करनाल व पंजाब से शादी की सालगिरह में मेहमान खाना खा चुके तो होटल के मैनेजर राजीव अन्नी राहुल बंबोरिया से 57 हजार 750 रुपए मांगने गए तो करनाल से आए मेहमान अभिषेक पैसों की बात सुनकर तैश में आ गया और कहने लगा कि बुकिंग तो 40 मैंबरों की कुल 30 हजार रुपए में हुए थी।

इस पर होटल मैनेजर राजीव अन्नी ने कहा कि आपके 88 मेहमान कार्यक्रम में आए है और 77 प्लेटें प्रयोग हई है, जिस पर अभिषेक व राहुल सहित 5 अन्य लोग होटल में मारपिटाई करने लगे औऱ अभिषेक भागकर अपनी कार में से  तलवार निकाल कर लाया जिस पर शिकायतकर्ता ने शोर मचा दिया तो अभिषेक ने उस पर तलवार से हमला किया। जिस पर होटल में काम करने वाले रोशन लाल ने उसे बचाया लेकिन इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आदेश मैडिकल अस्पताल में पहुंचाया जहां से उसे चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।                 


 

Manisha rana