क्विज प्रतियोगिता में पानीपत गीता लॉ कॉलेज प्रथम

3/5/2017 12:59:05 PM

चंडीगढ़:पानीपत के गीता लॉ कॉलेज की टीम ने आज यहां द नेचर कंजरवेशन सोसायटी, पंजाब की ओर से पंजाब विश्वविद्यालय के लीगल स्टडी संस्थान के साथ मिलकर पर्यावरण कानूनों पर अंतर्राज्यीय व अंतर-लॉ कॉलेज के बीच आयोजित करवाई गई क्विज प्रतियोगिता जीत ली। हरियाणा आवास विभाग के प्रधान सचिव श्रीकांत वाल्गद ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सोसायटी के अध्यक्ष एस. गुरमीत सिंह ने बताया कि इस क्वीज प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ के लॉ कॉलेजों से 45 से ज्यादा छात्रों ने भाग लिया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गीता लॉ कॉलेज के टीम सदस्यों में प्रेम गर्ग, जयदीप व शुभम जैन शामिल थे। प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले पंजाब विश्वविद्यालय के लीगल स्टडीस संस्थान की टीम में नितेश चौपड़ा, दिव्या अरोड़ा व अंशुल सिंघल तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली आर्मी लॉ संस्थान, मोहाली के टीम सदस्यों में रिभुराज, जीवंतिका व रमनदीप शामिल थे।