हरियाणा का माहौल खराब करने आ रहे हैं राहुल : ओ.पी. धनखड़

10/3/2020 9:10:48 AM

भिवानी (अशोक भारद्वाज) : कृषि कानूनों व राहुल गांधी के हरियाणा में दौरे को लेकर कांग्रेस व भाजपा आमने-सामने आ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भिवानी में कहा कि राहुल क्या करने आ रहे हैं। वो किसी फसल के पैसे तो देंगे नहीं। केवल झूठ बोल कर माहौल खराब करेंगे। मगर लोग अब कांग्रेस की नौटंकी में आने वाले नहीं।

यहां बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद ओमप्रकाश धनखड़ पहली बार शुक्रवार को भिवानी आए। इस दौरान बातचीत में धनखड़ ने सबसे पहले राहुल गांधी के हरियाणा में प्रस्तावित दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल हरियाणा में क्या करने आ रहे हैं? क्या वो किसानों को किसी फसल के पैसे देंगे? धनखड़ ने कहा कि राहुल गांधी को हरियाणा में केवल झूठ बोलकर माहौल करने की कोई जरूरत नहीं। यहां फसलों की खरीद सही हो रही है और किसान खुश हैं।

प्रदेश के लोग झूठ की राजनीति पसंद नहीं करते
धनखड़ ने कहा कि हरियाणा के लोग अब झूठ की राजनीति पसंद नहीं करते। उन्होंने कांग्रेस के आंदोलन पर कहा कि कांग्रेस नौटंकीबाज है। जनता ने इन्हें तार -तार कर नीचे बैठाया है। अब इनका ब्यौंत नहीं रहा। वहीं गठबंधन सरकार टूटने व विधायकों की नाराजगी की चर्चाओं पर कहा कि भाजपा का कोई सांसद या विधायक नाराज नहीं और न ही गठबंधन सरकार टूटने वाली।

कौन अपनी कुर्सी छोड़ेगा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की झूठ में आकर कोई अपनी कुर्सी क्यों छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी नेता किसान व कानूनों के पक्ष में हैं। सड़कों पर किसान नहीं बल्कि केवल कांग्रेसी हैं। यहां बता दें कि राहुल के दौरे व किसान कानूनों को लेकर सूबे में सियासत चरम पर है। इसी के चलते पिछले दिनो गृहमंत्री अनिल विज ने भी कहा था कि वह राहुल गांधी को हरियाणा में नहीं घुसने देंगे। इसलिए इस समय कांग्रेस व भाजपा एक दूसरे के विरोध में आकर जुबानी बाण चला रहे हैं। अब देखना होगा कि ये जुबानी जंग आने वाले समय में क्या नया राजनीतिक रंग लाती है।
 

Manisha rana