इस दिन चंडीगढ़ आएंगे Rahul Gandhi, पार्टी नेताओं के साथ करेंगे मीटिंग...संगठन का गठन ही बैठक का एजेंडा
punjabkesari.in Sunday, Jun 01, 2025 - 11:37 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस कई वर्षों से संगठन की बाट जोह रही है लेकिन पार्टी की अंतर्कलह के चलते संगठन का गठन नहीं हो पाया। बार-बार यह बात पार्टी की बैठकों में उठी लेकिन बात आई-गई हो गई। कई प्रभारी आए और चले गए लेकिन संगठन नहीं बन पाया। हरियाणा कांग्रेस संगठन को लेकर राहुल गांधी काफी गंभीर है। राहुल गांधी ने संगठन के लिए हरियाणा में ऑब्जर्वर नियुक्त किए जो अन्य प्रदेशों से संबंध रखते हैं और इन्हीं ऑब्जर्वरों की बैठक लेने राहुल गांधी 4 जून को चंडीगढ़ आ रहे हैं।
यह बैठक चंडीगढ़ के सैक्टर-9 स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में हो सकती है। माना जा रहा है कि बैठक में इन ऑब्जर्वरों को जिले अलॉट किए जाएंगे और यह भी कहा जा रहा है कि इन ऑब्जर्वरों की सहायता के लिए प्रदेश स्तर के नेताओं को साथ जोड़ा जाएगा क्योंकि प्रदेश के बारे में स्थानीय नेताओं की ज्यादा जानकारी होती है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की बजाय कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद स्वयं ही बैठक के लिए फोन कर रहे हैं। इस बैठक में ऑब्जर्वरों को तो बुलाया ही गया है, साथ ही हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र हुड्डा सहित कांग्रेस सांसद तथा कुछ वरिष्ठ विधायकों को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में कांग्रेस के उन राष्ट्रीय सचिवों को भी बुलाया गया है जो हरियाणा से संबंध रखते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)