राई स्पोर्ट्स स्कूल विवाद: जांच होने तक छुट्टी पर नहीं जाएंगी भारती

5/29/2017 9:53:24 AM

चंडीगढ़ (अविनाश पांडेय):सोनीपत के राई स्पोर्ट्स स्कूल के कथित घोटाले की जांच को लेकर अब स्कूल की निदेशक एवं आई.पी.एस. अधिकारी भारती अरोड़ा भी फ्रंट फुट पर आ गई हैं। भारती ने अब जांच होने तक छुट्टी पर नहीं जाने का फैसला किया है। हालांकि उन्होंने छुट्टी पर जाने का प्रार्थना पत्र दिया था और वह मंजूर भी हो गया था, लेकिन अंदरूनी सियासत के कारण वह पूरी तरह से जांच प्रक्रिया में शामिल होंगी। 

सूत्रों की मानें तो जल्द ही प्रदेश के मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी की ओर से जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं इस मामले में 2 मंत्रियों के आमने-सामने होने से सरकार पर भारती अरोड़ा को बदलने का दबाव भी बना हुआ है, लेकिन सरकार ऐसा करने के मूड में नहीं है। 

वित्तीय घोटाले की जांच को लेकर भारती अरोड़ा ने पिछले दिनों सरकार को नया पत्र भेजकर अनियमितताओं की जांच एस.आई.टी. के जरिए करवाने की मांग भी की है। वहीं स्कूल में खेल सुविधाओं को बेहतर करने की कड़ी में वर्ष 2016-17 के कार्यकाल में 263 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें से खिलाड़ियों ने 70 पदक स्कूल के नाम किया। जबकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों ने 78 स्वर्ण पदक, 74 रजत पदक और 86 कांस्य पदक जीते हैं।