खुफिया विभाग का छापा, अवैध अस्पताल चलाया रहे सरकारी डॉक्टर को किया काबू

3/30/2017 9:44:29 AM

यमुनानगर(हरिंदर सिंह):हरियाणा के यमुनानगर शहर में खुफिया विभाग ने स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त रूप से एक रिहायशी इलाके में दबिश देकर घर में कथित तौर पर निजी अस्पताल चला रहे सरकारी डाक्टर को धरदबोचा। जानकारी के अनुसार यमुनानगर के मुंडा माजरा इलाके में घोड़ों पिपली की सरकारी डिस्पेंसरी में कार्यरत एक सरकारी डॉक्टर सतीश अग्रवाल द्वारा अवैध अस्पताल चलाया जा रहा था। टेबल-कुर्सियों पर मरीजों को आड़े टेढ़े लिटाकर उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था। दबिश पड़ते देख सरकारी डॉक्टर की हवाइयां उड़ गई और आनन-फानन में भागने की कोशिश करने लगा। भागने का मौका नहीं मिला तो उसने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। बाथरूम से डॉक्टर ने फोन करके अपनी बेटी को मौके पर बुलाया और यह सफाई दी कि यह अस्पताल उसकी बेटी डाक्टर नैन्सी अग्रवाल का है जो रेड के वक्त बाथरूम गई हुई थी। वह तो केवल अपनी बेटी की मदद करने यहां आया था। 

वहीं दूसरी तरफ रेड पार्टी को लीड कर रहे सरकारी डॉक्टर राजेश का कहना है कि आरोपी सरकारी डॉक्टर खुद को बचाने के लिए झूठ बोल रहें है। जिस वक्त रेड हुई वह खुद प्रैक्टिस कर रहे थे और मरीजों को ग्लूकोज भी लगा रहें थे। अधिकारियों से जब पूछा गया कि आरोपी डाक्टर यह अस्पताल अपनी बेटी का बता रहा है तो उन्होंने इस बात को झूठा करार देते हुए कहा कि उनकी बेटी तो रेड होने के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची थी। वह अपने पिता को बचाने के लिए झूठ बोल रही है। इसके बाद रेड पार्टी ने पुलिस को सूचना दी और डाक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।