पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पर रेड, बच्चों से कराया जा रहा था खतरनाक काम...90 पेटी पटाखे, 47 किलो पोटाश जब्त
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 03:56 PM (IST)
करनाल: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अवैध रूप से पटाखे बनाने वाले गिरोह पर करनाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए (CIA) और आईजी करनाल रेंज की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव मोदीपुर के पास स्थित एक बंद पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी कर अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने हुए पटाखे और बारूद का जखीरा बरामद किया है।
बंद हैचरी में तैयार हो रहा था विस्फोटक सामान
जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के कैराना निवासी शाहीर नाम का व्यक्ति बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के इस अवैध फैक्ट्री को चला रहा था। पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर एक दर्जन से अधिक कर्मचारी पटाखे बनाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल थे।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
जांच अधिकारी ने बताया कि किसी भी अनहोनी से अनजान, बिना किसी अनुमति या सेफ्टी किट के मजदूरों और बच्चों से यह जानलेवा काम करवाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से सारा सामान कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।