ठंड दिखा रही तेवर, बादल छाने से गिरा तापमान, 12 शहरों में बारिश का अलर्ट...जानें आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

11/30/2023 8:53:00 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा में आज सुबह मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 शहरों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इनमें इंद्री, राहौर, थानेसर, पेहोबा, शाहाबाद, अंबाला, कालका, बराडा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़, पंचकूला शामिल हैं। इन शहरों में गरज-चमक्क के साथ बारिश शुरू हो गई है। साथ ही हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हरियाणा में मौसम 1 दिसंबर तक परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 30 नवंबर की सुबह से 1 दिसंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाही होने और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बन रही है। इसके बाद 2 से 5 दिसंबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क तथा उत्तरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट होने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी रहने के आसार हैं। सुबह के समय हल्की धुंध रहने की भी संभावना है। 

विशेषज्ञों का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सबसे अच्छा रहता है। इन दिनों सूबे के अधिकांश जिलों का तापमान इसके आसपास ही है। ऐसे में यह मौसम गेहूं की बिजाई और फसल की ग्रोथ के लिए काफी अच्छा है। यदि मौसम ऐसा ही रहता है तो इस बार की फसल अच्छी होने की संभावना है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana