हरियाणा में मौसम ने बदला मिज़ाज: 6 जिलों में बारिश के साथ पंचकूला में गिरे ओले, 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

11/30/2023 7:45:09 PM

चंडीगढ़ : हरियाणा में मौसम ने अपना मिज़ाज बदल लिया है। गुरुवार को प्रदेश के 6 जिलों में बारिश हुई। इतना ही नहीं, पंचकूला में बारिश के साथ ओले भी गिरे। अंबाला में सबसे अधिक 9 एमएम तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। तापमान में गिरावट के साथ अब ठंड ने भी पूरी तरह से दस्तक दे दी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिन मौसम खराब रहेगा। वहीं 2 से 5 दिसंबर के बीच मौसम खुश्क रहने वाला है।

सूबे के 12 जिलों में घने कोहरे का भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। इनमें अंबाला, पलवल, फतेहाबाद, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, यमुनानगर और जींद जिले शामिल हैं। इस दौरान वाहन चालकों को सावधानी के साथ हेड लाइट जलाकर अपने वाहनों को चलाने की सलाह दी गई है।

तापमान में गिरावट गेहूं किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। माना जाता है कि गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सबसे बेहतर रहता है और इन दिनों अधिकतर जिलों का तापमान इसके आसपास ही है। अगर मौसम ऐसा ही रहता है तो इस बार की फसल काफी अच्छी होने की संभावना है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail