हरियाणा में बारिश की बौछारें, 10 डिग्री सैल्सियस पहुंचा तापमान

1/8/2020 11:23:26 AM

चंडीगढ़ (एजैंसियां/ब्यूरो) : पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को बारिश हुई लेकिन न्यूनतम तापमान दोनों राज्यों में कई जगह सामान्य से कुछ डिग्री अधिक दर्ज किया गया। कटड़ा व उत्तराखंड में देहरादून व मसूरी समेत कई इलाकों में बारिश व बर्फबारी के चलते पर्यटक एवं लोग होटल और घरों में कैद रहे। कटड़ा में त्रिकुटा पर्वत सहित वैष्णो देवी भवन पर हिमपात से समूचे क्षेत्र में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। हैलीकॉप्टर सेवा एवं भैरों घाटी रोप-वे सेवा मंगलवार को भी प्रभावित रही।

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ौतरी के साथ 10 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, बङ्क्षठडा और पटियाला समेत ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री व चंडीगढ़ में 6 डिग्री बढ़ौतरी दर्ज की।  

बद्रीनाथ धाम समेत हेमकुंट साहिब, गौरसों बुग्याल, औली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार देर रात तक बर्फबारी हुई। मंगलवार सुबह सिलसिला थम गया था। चमोली जिले में 80 गांवों में बर्फ  की सफेद चादर बिछ गई है। पैदल रास्ते, पानी के स्रोत भी जम गए हैं। बर्फबारी से जोशीमठ-औली, जोशीमठ-बद्रीनाथ-माणा, चमोली-मंडल-ऊखीमठ, घाट-रामणी और कर्णप्रयाग-गैरसैंण मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। 

Isha