"भारत बंद नहीं,  ये देश बचाने की  है जंग, देश के अन्नदाता तोड़ेगा तानाशाह सरकार का भ्रम"

punjabkesari.in Monday, Dec 07, 2020 - 04:02 PM (IST)

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि मंगलवार को किसान आंदोलन के संदर्भ में आहूत किया गया "भारत बंद" एक तरह से केंद्र की भाजपा सरकार के तानाशाह रवैए से देश को बचाने की लड़ाई है। यह अकेले किसानों की लड़ाई नहीं है। यह हर उस भारतीय की लड़ाई है जिसके लिए देश, देशहित सर्वोपरि है। 

राव ने कहा कि सरकार की देश विरोधी नीतियों से मजदूर, हर वर्ग का कर्मचारी, व्यापारी हर कोई प्रभावित हो रहा है। इसलिए हर भारतीय का यह कर्तव्य है कि वह इस लड़ाई में शामिल होकर देशहित में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के साथ विभिन्न मजदूर संगठनों, विभिन्न कर्मचारी यूनियनों, देश के प्रमुख राजनीतिक दलों ने भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। आमजन भी इसमें अपनी भागीदारी बढ़चढ़ कर निभाए। तभी इस तानाशाह सरकार को यह अहसास कराया जा सकता है कि देश के नागरिकों पर जबरदस्ती थोपा गया कोई भी काला कानून इस देश की जनता को किसी कीमत पर स्वीकार नहीं है। 

उन्होंने कहा कि दरअसल सरकार मुगालते में थी कि पूर्व में थोपे गए कानूनों की तरह ही कृषि कानूनों को भी अन्नदाता या देशवासी सहज ही स्वीकार कर लेंगे। इसीलिए सरकार ने मनमाने ढंग से लॉकडाउन में यह कानून लागू किया। सरकार अपनी ओर से पूरी तैयारी के साथ ये कानून किसानों पर थोपना चाहती थी, लेकिन देश के अन्नदाता ने सरकार का यह भ्रम तोड़ दिया। हालांकि एक बार सरकार को भी लगा होगा कि जो वो चाहती है वो सहज में ही हो गया, लेकिन यह मालूम नहीं था कि पंजाब में इसके विरोध में चिंगारी सुलग रही है जो अब प्रचंड ज्वाला बन चुकी है। पंजाब से हरियाणा के रास्ते होकर यह आग अब दिल्ली की सड़कों से होती हुई देश के कोने कोने में पहुंच गई है। पूरा देश अन्नदाता के साथ देश बचाने की मुहिम से जुड़ गया है। 

राव ने काव्यात्मक तरीके से कहा,
अब सब ताज उछाले जाएंगे, 
हर तख्त गिराए जाएंगे,
हम देखेंगे, लाजमी है हम भी देंखेंगे। 
वो दिन की जिसका वादा है, 
जो लोह-ए- अजल में लिखा है, 
हम देखेंगे, लाजमी है हम भी देखेंगे। 

राव ने कहा कि उन्होंने लोगों से भारत बंद में अपना पूर्ण समर्थन देने का आह्वान करते हुए इसे सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर आज इस लड़ाई को हमने अधूरी छोड़ दिया तो सरकार का जुल्म और बढ़ेगा। छह साल से जो तानाशाही देश झेलता आ रहा है, इसका पटाक्षेप यहीं करना होगा। इस सरकार को यह बताना होगा कि सत्ता और बहुमत के मद में चूर होकर यह अपनी मनमर्जी नहीं चला सकती। इस देश का संविधान सबको अधिकार देता है। सबको अपने हिस्से का हक मांगने का अधिकार है और वो हक जनता लेकर रहेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

static