दिसंबर से अब तक घरेलू गैस के दामों में 200 रुपए की बढ़ोतरी, बिगड़ा आमजन का बजट: राजन

2/25/2021 5:47:25 PM

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा कांग्रेस नेता राजन राव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ घरेलू गैस बेलगाम दामों से देश की आमजनता हलकान हो रही है। बढ़ते दामों पर किसी तरह का नियंत्रण केंद्र सरकार नहीं लगा पा रही है। बढ़ते दामों के प्रति सरकार की उदासीनता साबित कर रही है कि भाजपा बेशर्मी की सारी हदें पार कर चुकी है। देश पर अनावश्यक महंगाई की मार पड़ रही है और सरकार दामों को थामने का कोई प्रयास नहीं कर रही है। तेल और गैस के दाम बढ़ने से आमजन की जेब पर महिनेवार अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। 

कोरोना के चलते देश बेरोजगारी की दलदल में धंसा है, लोगों के रोजगार धंधे चौपट हो गए हैं। लोगों की कमाई के साधन घट गए हैं, ऊपर से सरकार तेल और गैस के दाम नियंत्रित करने में नाकाम हो रही है। डीजल के दाम बढ़ने से माल वाहक वाहनों का भाड़ा बढ़ गया है। जिसका असर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर भी पड़ रहा है। सब्जियों से लेकर उपभोग की अन्य वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं। 

रेल भाड़ा बढ़ गया, काम धंधों पर जाने वाले लोगों का तेल की बढ़ी कीमतों के कारण रोज का बजट बिगड़ गया है।  खेती किसानी को नुक़सान हो रहा है। किसानों की आय दुगनी करने का ढोंग करने वाली सरकार तेल के दाम बढ़ाकर किसानों की आय दुगनी कर रही है। ऊपर से किसानों पर तीन काले कृषि कानून थोप दिए गए हैं। रही सही कसर घरेलू गैस के दामों ने पूरी कर दी है। भाजपा को अगर बेशर्म झूठी पार्टी कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि तीन महीने से हर दूसरे दिन पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। पेट्रोल 100 रुपए के करीब पहुंच गया है। डीजल भी नब्बे रुपए के आंकड़े को पार कर चुका है। जल्द ही यह भी तेजी से शतक की और बढ़ रहा है। घरेलू गैस के दामों में बढ़ोतरी की बात करें तो दिसंबर से लेकर अब तक चार बार में करीब 200 रुपए तक बढ़ गए। ये दाम सरकारी कंपनियां बढ़ा रही है। अपनी कंपनियों पर ही सरकार का नियंत्रण नहीं रहा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar