किसानों से सीधी वार्ता करे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : राजन राव

2/7/2021 9:10:24 PM

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी शैलजा के राजनीतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि अभी तक किसान आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक मर्यादाओं में बंधा है। किसानों की ओर से कहीं भी अशांति और हिंसक माहौल नहीं बनाया गया। जबकि भाजपा ने आंदोलन को बदनाम और समाप्त करने के हर हथकंडे अपना लिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन को समाप्त कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वयं आगे आना होगा। 

प्रधानमन्त्री किसानों से सीधी वार्ता कर किसानों के हित में कानून वापसी का फैसला करे। प्रधानमंत्री रेडियो से मन की बात कर सकते हैं तो देश के अन्नदाता से बात करने में उन्हें क्या दिक्कत है? इससे पहले कि सरकारों में भी आंदोलन होते रहे हैं, लेकिन आंदोलनरत पीड़ितों को इस तरह किसी भी प्रधानमंत्री ने नजर अंदाज नहीं किया। प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है किसानों से वार्ता एक फोन कॉल दूर हैं तो प्रधानमंत्री को पहल कर किसानों को पुनः वार्ता के लिए आमंत्रित करना चाहिए। निश्चित ही इससे किसानों का आक्रोश और देश भर में मचा बवाल थम जाएगा। 

राव ने कहा कि आज तक भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार तार करने का काम किया है। अब मौका है कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं को बचाने की एक बानगी पेश करे। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की तरह ही चक्का जाम को भी बदनाम करने का भाजपा ने फुलप्रूफ प्लान बनाया था, लेकिन किसानों की सजगता और सतर्कता ने भाजपा की मंशा पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों में जिस प्रकार भाजपा कानूनों का बचाव कर रही है उससे साफ जाहिर है कि कानूनों को लेकर सरकार पर पूंजीपतियों का दबाव है। पूंजीपतियों के दबाव के कारण ही प्रधानमंत्री किसानों से सीधी वार्ता नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्टैंड किसान आंदोलन पर एकदम साफ है। 

कांग्रेस देश के अन्नदाता को किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने देगी। किसानों की लड़ाई में कांग्रेस पूरी तरह कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। किसानों के समर्थन में कांग्रेस सात से 15 फरवरी तक हर ब्लॉक पर प्रदर्शन करेगी, किसान अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। आधिकारियों को कानून वापसी सम्बन्धी ज्ञापन सौंपे जाएंगे। तत्पश्चात जिला स्तर पर भी ऐसे ही आयोजन होंगे। सरकार यह समझ ले कि बिल वापसी तक किसान घर वापसी नहीं करने वाला, चाहे आंदोलन कितना भी लंबा चले। कांग्रेस आंदोलन को हर प्रकार से अपना पूर्ण समर्थन देती रहेगी।

Content Writer

vinod kumar