छेड़छाड़ मामले पर सैनी का बराला पर तंज, बोले- जैसे संस्कार होंगे वैसे ही सामने आएंगे

8/12/2017 4:13:19 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड):चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला पर अपने पद से इस्तीफा देने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। वहीं अपने निवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने बराला पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे संस्कार होंगे वैसे ही सामने आएंगे और यह बराला परिवार की पारंपरिक परंपरा रही है। उन्होंने कितने अच्छे संस्कार दिए हैं जो सामने आए हैं। पार्टी ने भी कितनी अच्छी साख के व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है अौर इसकी भरपाई नहीं हो सकती। नैतिकता के आधार पर यदि सुभाष बराला पहले ही इस्तीफा दे देते तो इतनी फजीहत नहीं होती। थॉट्स वायरस की तरह घूमते हैं और यह समय आने पर बाहर निकलते हैं। 

पार्टी और मुख्यमंत्री पहले से ही जाटों के दबाव में: सैनी
जाट आरक्षण पर उन्होंने कहा कि पार्टी और मुख्यमंत्री पहले से ही जाटों के दबाव में हैं और जाटों को आरक्षण देने की कवायद हो रही है भले ही आयोग बनाकर या फिर कैबिनेट के जरिए। उन्हें आरक्षण का लॉलीपॉप सुंघाया जा रहा है। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं मिला लेकिन जिन्होंने प्रदेश को जलाया उन्हें नौकरियां अौर मुआवजे दिए जा रहे हैं। उनके मुकद्दमे वापस किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश की पालना नहीं हो रही है इससे आंतरिक सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।

रोशन लाल आर्य पर किया पलटवार
सैनी ने सर्वजन पार्टी के अध्यक्ष रोशन लाल आर्य पर पलटवार करते हुए कहा कि वह लोगों को मिस गाइड मत करें, मैं 1 अक्टूबर को उनके साथ शामिल रहूंगा। उन्होंने कहा कि वे लोकतंत्र सुरक्षा मंच की जींद में होने वाली 26 नवम्बर रैली में वह जरूर शामिल होंगे। एक वीडियो वायरल होने पर उन्होंने कहा कि उनका जो उपहास का पात्र बनाया गया है उस बारे में वह तुरंत मामला दर्ज कराएंगे। गौर रहे कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक नेता फुटबॉल को किक मारते हुए स्लिप कर जाते हैं। सोशल मीडिया पर विडियो वायरल करने वाले के अनुसार यह वीडियो राजकुमार सैनी का है लेकिन सैनी के अनुसार वह कभी फुटबॉल ग्राउंड में गए ही नहीं और उन्होंने कभी स्पोर्ट्स शूज डाले ही नहीं।