सांसद सैनी की रैली के विरोध में चंडीगढ़ हाईवे पर डटे जाट, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम(Video)

11/25/2017 11:36:03 AM

जींद(सुनील मराठा): कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की 26 नवंबर को होने वाली रैली के खिलाफ जाट समुदाय जींद चंडीगढ़ हाईवे पर डटे हुए हैं। रैली के विरोध में जाट नेता संदीप भारती सैकड़ों समर्थकों के साथ हाईवे पर हैं। इन लोगों ने प्रशासन को आज 12 बजे तक का अल्टमेटम दिया है। जाट समुदाय के लोगों का कहना है कि प्रशासन 26 नवंबर की सांसद राजकुमार सैनी की रैली को रद्द करें नहीं तो वे आज दोपहर 12 बजे के बाद अन्य रोडों पर भी जाम लगा देंगे। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जींद, हांसी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के क्षेत्राधिकार में वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्कों पर उपलब्ध कराए जाने वाली मोबाइल इंटरनेट सेवाएं शनिवार से शुरू होकर 26 नवंबर की मध्यरात्रि तक अगले तीन दिनों के लिए बंद कर दी गई है। 

उल्लेखनीय है कि बीते दिन भी सांसद सैनी की रैली का विरोध कर रहे आजाद किसान मिशन के संदीप भारती के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने जींद-कैथल राजमार्ग पर शाहपुर गांव में 3 घंटे जाम लगाया था। शाम को पुलिस प्रशासन अमला जाम खुलवाने पहुंचा तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। इस झड़प में दो पुलिसकर्मियों समेत 6 लोग घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने देर शाम जींद-कैथल मार्ग पर ही कंडेला गांव के बस अड्डे पर भी जाम लगाया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।