राज्यसभा चुनाव ‘स्याही कंट्रोवर्सी’ का असर राष्ट्रपति चुनाव पर

7/15/2017 9:03:57 AM

चंडीगढ़ (बंसल):राज्यसभा चुनाव में स्याही कंट्रोवर्सी से सबक लेते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अलग से स्याही व पैन भिजवाए हैं और इस स्याही व पैन को अन्य सामान के साथ स्ट्रांग रूम में रखवा दिया है। राज्यसभा चुनाव में स्याही कंट्रोवर्सी के बाद यह पहला चुनाव है। चुनाव में वोट डालने के लिए विधायक चुनाव आयोग द्वारा भेजी गई स्याही व पैन का ही इस्तेमाल करेंगे। हरियाणा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए यू.पी. काडर के आई.ए.एस. अधिकारी अनिल संत को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है जबकि सहायक चुनाव अधिकारी हरियाणा काडर के पंकज अग्रवाल को नियुक्त किया है।

राज्यसभा चुनाव विवाद को देखते हुए इस बार राष्ट्रपति चुनाव के दौरान सख्ती देखने को मिल सकती है। हरियाणा के वर्तमान सियासी ढांचे के अनुसार प्रदेश में इस समय 90 विधायक, 10 लोकसभा सांसद और 5 राज्यसभा सदस्य हैं। प्रत्येक राज्य की आबादी के आधार पर वहां के विधायकों और सांसदों के वोट की वैल्यू निर्धारित होती है। देशभर में 1971 की जनसंख्या को ही इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में वोट की वैल्यू का आधार बनाया गया है, जिसके मुताबिक हरियाणा के एक विधायक के वोट की कीमत 112 और सांसद व राज्यसभा सदस्य के वोट की कीमत 708 है।  इस बार राष्ट्रपति चुनाव में चुनाव आयोग इस कदर चौकसी बरत रहा है कि बैलेट बाक्स खुद ही टिकट लेकर हवाई यात्रा करेगा। यहां बता दें कि 17 जुलाई को चुनाव है और 18 जुलाई हवाई जहाज के अंदर बिजनैस क्लास सीट बैलेट बाक्स के लिए रिजर्व होगी और विशेष सुरक्षा में यह बैलेट बाक्स लोकसभा पहुंचाया जाएगा।

कुल विधायक                                          90
एक विधायक की वोट वैल्यू                      112
विधायकों की कुल वोट वैल्यू                   10080
भाजपा विधायक की वोट वैल्यू                05264
इनैलो विधायकों की वोट वैल्यू                02128
कांग्रेस विधायकों की वोट वैल्यू               01904
5 निर्दलीय विधायकों की वोट वैल्यू         00560
01 अकाली विधायक की वोट वैल्यू         00112
01 बसपा विधायक की वोट वैल्यू             0112