किसान पर राम और राज दोनों नाराज : अभय चौटाला

3/6/2020 10:30:17 AM

चंडीगढ़ : भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक, सोनीपत आदि जिलों में ओलावृष्टि और तूफानी बारिश से फसलों के नुक्सान को लेकर इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि किसान पर ‘राम’ और ‘राज’ दोनों ही नाराज हैं। अब तीसरी बार ओलावृष्टि हुई है। इससे पहले भी फसलों के नुक्सान की भरपाई करने के लिए इनैलो नेता ने आवाज बुलंद की थी जिस पर सरकार ने कहा कि वह ड्रोन से फसलों के नुक्सान का सर्वे करवा रही है और उसके पश्चात ही किसानों को मुआवजा देने के बारे में सोचा जाएगा।

एक तरफ भाजपा-जजपा सरकार किसानों की आय दुगुनी करने का वायदा कर रही है, दूसरी तरफ प्राकृतिक आपदाओं से नुक्सान की भरपाई करने के लिए भी सरकार आनाकानी कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल नारों से किसान की दशा में सुधार नहीं होगा, सरकार को ओलावृष्टि से नुक्सान की विशेष गिरदावरी राजस्व अधिकारियों की देखरेख में मौके पर जाकर करनी चाहिए ताकि वास्तविक नुक्सान का आकलन हो सके।

जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रीमियम जमा नहीं करवाया उनके बारे में भी सरकार को बीमा योजना की शर्तों को नजरअंदाज कर प्रति एकड़ कम से कम 30-35 हजार का मुआवजे की राशि देनी चाहिए। जब तक राजस्व अधिकारियों के आकलन की प्रक्रिया पूरी नहीं होती तब तक कम से कम कुल नुक्सान की 25 प्रतिशत राशि की किसानों को आगामी अदायगी करनी चाहिए।

Isha