बंद कमरे में 4 बड़े मंत्रियों के साथ हुई राम लाल की गुफ्तगू

5/11/2018 7:53:16 AM

चंडीगढ़(पांडेय): भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल ने वीरवार को हरियाणा सरकार के 4 बड़े मंत्रियों से अलग-अलग गुफ्तगू की। इन मंत्रियों में शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओ.पी. धनखड़, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और वित्तमंत्री कै.अभिमन्यु शामिल थे।

सूत्रों की मानें तो राम लाल ने सभी मंत्रियों से खट्टर सरकार के कार्यों का फीडबैक हासिल करने के साथ ही भविष्य की रूपरेखा पर मंथन किया। मुख्यमंत्री के विदेश प्रवास के दौरान यह मीटिंग काफी अहम मानी जा रही है। हालांकि संगठन की ओर से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी मौजूद थे। बराला ने संगठन महामंत्री राम लाल को प्रदेश संगठन की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में तय कार्यक्रम के तहत भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल ने सरकार के 4 बड़े मंत्रियों से अलग-अलग मंत्रणा की। इनमें सबसे पहले रामलाल ने शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने बात की। उसके बाद ओ.पी. धनखड़, कै.अभिमन्यु और अनिल विज से बंद कमरे में सरकार का फीडबैक लिया। मंत्रियों की ओर से क्या फीडबैक दिया गया इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

मंत्रियों से मुलाकात के बाद संगठन महामंत्री की भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के साथ बैठक हुई। इस बैठक में बराला की ओर से 14 अप्रैल से 9 मई तक चलाए गए ग्राम स्वराज अभियान की रिपोर्ट सौंपी गई। वहीं, मई महीने में मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने को लेकर संभावित कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। संगठन महामंत्री ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को बताया कि मोदी सरकार के 4 वर्ष पूरे होने को किस तरह से संगठन स्तर पर मनाया जाना है और क्या कार्यक्रम होगा इस पर विस्तृत बातचीत हुई।

सांगठनिक मामलों पर हुई चर्चा : बराला
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के साथ संगठन के मामलों पर चर्चा की गई है। जिसमें ग्राम स्वराज अभियान की रिपोर्ट सौंपने के साथ ही मोदी सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

फीडबैक जैसी कोई बात नहीं : विज  
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के साथ बैठक में उनके साथ कोई खास चर्चा नहीं हुई बल्कि एक-दूसरे से शिष्टाचार के तहत हाल-चाल पूछा गया। विज ने कहा कि फीडबैक जैसी कोई बात नहीं थी लेकिन कुछेक मुद्दों पर थोड़ी-बहुत बातचीत जरूर हुई है।
 

Rakhi Yadav