अब कहां गए हरियाणा के वो नेता जो राम रहीम के दरबार में झुकाते थे मस्तक

8/28/2017 7:33:04 PM

सिरसा:साध्वियों से रेप मामले में बलात्कारी बाबा राम रहीम को 20 साल का कारावास हो गया है। सी.बी.आई. की विशेष जज जगदीप सिंह ने राम रहीम को सजा सुनाई। अब डेरा प्रमुख की पहचान न कोई राम, न रहीम सिर्फ कैदी नंबर 1997 हो गई है लेकिन इस मामले में बहुत जान-माल की हानि हुई है। जिस पर हरियाणा सरकार की नाकामी मानी जा रही है। हरियाणा सरकार पर सवाल उठ रहे हैं कि जो राजनीतिज्ञ पहले हर मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते थे वे कुछ भी कहने से गुरेज कर रहे हैं। इससे गुरमीत राम रहीम से राज्य सरकार की नजदीकियों पर सवाल उठे हैं। 

सूत्रों के अनुसार अनिल विज ने हरियाणा में चुनावी जीत के बाद कहा था कि- निश्चित तौर पर डेरा के समर्थन ने हरियाणा में हमारी जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। विज के डेरा से जुड़े ट्वीट अक्सर देखे जाते हैं लेकिन जब से राम रहीम का केस चल रहा था तब से अनिल विज का कोई ट्वीट नहीं आया। पिछले साल भी अनिल विज ने डेरा सच्चा सौदे के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर 50 लाख का फंड दिया था। 

मनोहर लाल के एक पुराने ट्वीट पर गौर किया जाए जिसमें उन्होंने कहा था कि राम रहीम हितैषी कार्यों में लगे हुए हैं। इस ट्वीट में मनोहर लाल ने लिखा था, ''संत गुरमीत राम रहीम जी गरीब मरीज़ों की सेना, स्वच्छता अभियान, शिक्षा के प्रचार-प्रसार, नशामुक्ति सहित कई समाज हितैषी कार्यों में लगे हुए हैं।'' इसके अलावा भी जब राम रहीम को दोषी करार किया गया अौर पूरा पंचकूला हिंसा की आग में जल रहा था तब भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोई सख्त कदम नहीं लिया था। वे सड़कों पर बैठे डेरा समर्थकों को बाबा के शांतिप्रिय भक्त ही कहते रहे।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने राम रहीम पर फैसला आने से पहले उनका समर्थन किया था। कुछ दिन पहले ही वे डेरा सच्चा सौदा के आश्रम गए थे अौर अपना समर्थन देते हुए आश्रम को 51 लाख रुपए का चेक देकर आए थे। वहीं अब शिक्षा मंत्री पर राम रहीम के समर्थन पर बयान देने पर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।