राम रहीम को रातभर नहीं आई नींद, आज परिवार पहुंचेगा सुनारिया जेल

8/30/2017 11:22:24 AM

रोहतक:डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह से मिलने के लिए बड़े-बड़े लोगों को समय लेना पड़ता था, आज उसके परिवार को उससे मिलने के लिए समय लेना पड़ रहा है। जिसकी झलक पाने के लिए लाखों की भीड़ जुट जाती थी, उसे आज उसका अपना परिवार सलाखों के बीच से देखेगा। आज (बुधवार) को गुरमीत से मिलने के लिए उसका परिवार रोहतक की सुनारिया जेल में पहुंचेगा। परिवार से कौन-कौन मिलने आ रहा है यह अभी तय नहीं है।

डेरामुखी ने जेल में सुबह होने वाली प्रार्थना में बुरे कामों से दूर रहने की शपथ ली। राम रहीम को रात भर नींद नहीं आई और सारी रात करवटें बदलता रहा। सुबह 5 बजते ही उसने लाइन में लगकर हाजिरी लगाई। 5 बजे मिलने वाली चाय पीने से भी गुरमीत सिंह ने मना कर दिया। बाद में नाश्ते में दाल के साथ 2 रोटियां खाईं। दिनभर भी वह कभी बैठकर दीवारें ताकने लगता तो कभी सरकारी कम्बल पर लेट जाता। शाम को भी उसने थोड़ा बहुत खाना खाया। उसके बाद उसे बैरक में भेज दिया गया।