राम रहीम के काफिले की तीन गाड़ियां जींद के पास दुर्घटनाग्रस्त

8/25/2017 11:19:21 AM

जींद:साध्वी यौन शोषण मामले पर आज डेरा प्रमुख पर फैसला आना है जिसको लेकर राम रहीम आज सुबह 9 बजे से बड़े काफिले के साथ सिरसा से पंचकूला के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार पंचकूला जाते हुए डेरा प्रमुख के काफिले की तीन गाड़ियां जींद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अभी तक किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है। 

वहीं कोर्ट परिसर को आने-जाने के सभी रास्तों को वीरवार सुबह से ही सील कर दिया गया है। कोर्ट परिसर के पास नाकों पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल की टुकडिय़ां, घोड़ा पुलिस दल, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाओं के पूरे इंतजाम किए गए हैं। कोर्ट परिसर से 500 मीटर तक किसी भी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। पुलिस ने कोर्ट परिसर को जाने वाले सैक्टर-2 स्थित बैलाविस्टा चौक, माजरी चौक, सूरज थिएटर व डी.सी. आवास की तरफ के  रास्तों पर सुरक्षा कड़ी की हुई है। वहीं पुलिस आलाधिकारी समय-समय पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण करते रहे हैं।