राम रहीम ने डेरा सच्चा सौदा के नाम लिखा पत्र, किसानों व सरकार के बीच विवाद को लेकर लिखी ये बात

3/1/2021 10:22:14 AM

सिरसा (सतनाम): साध्वी यौन शोषण मामले और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम ने एक और पत्र डेरा सच्चा सौदा के नाम लिखा है। पत्र में राम रहीम ने किसानों और सरकार के बीच चल रहे विवाद को जल्द खत्म करने की बात लिखी है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि देश के अन्नदाता किसान और देश के राजा नरेंद्र मोदी के बीच विवाद जल्द खत्म होना चाहिए।



इसके साथ राम रहीम ने पत्र में डेरा प्रेमियों को मास्क पहनने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि देश में सुख शांति के लिए डेरा प्रेमियों को 1 दिन का उपवास रखना चाहिए। राम रहीम ने अपने अनुयायियों से अपील करते हुए कहा कि वह जरूरतमंद लोगों को एक दिन का राशन दें। इसके अलावा राम रहीम ने पत्र में अपनी माता के स्वास्थ्य का भी जिक्र किया है। उन्होंने अपनी माता से गुजारिश करते हुए कहा कि अब सही समय पर दवाई जरूर लेते रहें, जल्द बाहर आकर अपनी मां का इलाज करवाएंगे। 

राम रहीम ने अपने पत्र में क्या कुछ लिखा- 
हम सतगुरु की कृपा से यहां पर ठीक हैं व आप सबकी अच्छी सेहत के लिए परम पिता परमात्मा से हमेशा प्रार्थना करते रहते हैं। माता आप सही समय पर दवाइयां जरूर लेते रहें। राम सतगुरु ने चाहा तो हम जल्दी आकर आपका पूरा इलाज जरूर करवाएंगे। हमारे करोड़ों प्यारे-2 बच्चों, आप ज्यादा चिंता ना किया करो। सतगुरु राम जो भी करते हैं 100% ठीक करते थे, करेंगे भी 100% ठीक। आप नाम जपो व सेवा करो। 



प्रभु की सारी सृष्टि से बेगर्ज प्यार करो। सभी धर्मों का सत्कार करो। तन, मन, धन से परहित परमार्थ करते रहो। एक बात याद रखो रहना मस्त पर होना होशियार चाहिए इस कलयुग में ठग भी बहुत हैं, इसलिए उपरोक्त पंक्ति को ध्यान में जरूर रखा करें। जब भी घर से बाहर जाएं तो मास्क जरूर लगाया करो। 

उन्होंने आगे लिखा कि हम सतगुरु राम से प्रार्थना करते हैं कि देश के अन्नदाता व देश के राजा में जो विवाद चल रहा है, प्रभु आप दोनों को रास्ता दिखाए ताकि देश, जो कि अभी भी कोरोना जैसे महा-बीमारी से लड़ रहा है, वो तरक्की के रास्ते पर एकजुट हो कर आगे बढ़े। देश व संसार में सुख शांति व खुशहाली के दरवाजे खुल जाएं। बाकि प्रभु उसी में खुश रखना जो तेरी रजा है। 



प्यारे बच्चो, आप सब भी देश की सुख शांति के लिए एक दिन (12 या 24 घंटे) का व्रत रखें। प्रभु आप सबकी पुकार जरूर सुनें। एक दिन का राशन भी जरूरतमंदों को दें। उपवास से पहले पूरा परिवार या नामचर्चा में अपनी जायज मांग व संसार में शांति के लिए प्रार्थना करें। हम गुरु रूप में अपने करोड़ों प्यारे बच्चों में ही हमेशा ध्यान जमाए रहते हैं। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar