48 घंटे बाद खोला गया रामायण टोल प्लाजा, टिकैत बोले- ...किसानों को गिरफ्तार करे सरकार

punjabkesari.in Friday, Jun 04, 2021 - 10:51 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी): टोहाना में किसान नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली -हिसार नेशनल हाईवे पर रामायण टोल प्लाजा पर 48 घंटे से जाम लगाकर बैठे किसानों ने शुक्रवार शाम 7 बजे जाम खोलने का ऐलान कर दिया। कुंडली बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा की मीटिंग के बाद यह निर्णय लिया गया कि शनिवार को राकेश टिकैत व गुरनाम सिंह चढ़ूनी के नेतृत्व में हजारों किसान टोहाना के सिटी थाना में गिरफ्तारी देंगे।

बता दें कि किसान नेता राकेश टिकैत गुरुवार से ही रामायण टोल प्लाजा पर मोर्चा संभाले हुए थे। किसान नेताओं के साथ लगातार मीटिंग का दौर चल रहा था। टोहाना में गिरफ्तार किसान नेताओं को रिहा किए जाने तक टोल प्लाजा जाम रखने की घोषणा की थी। शुक्रवार को महम के विधायक बलराज कुंडू भी टोल पर किसानों के समर्थन में पहुंचे थे। देर शाम को कुंडली बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई जहां ये निर्णय लिया गया कि कई प्रदेशों से हजारों किसान शनिवार को टोहाना सिटी थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचेगे।

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश सरकार को गिरफ्तारियां करने का अधिक शौक है तो वह टोहाना में किसानों को गिरफ्तार करे। वहीं, राकेश टिकैत रामायण टोल प्लाज पर ही मौजूद हैं और यहीं से किसानों के जत्थों के साथ टोहोना रवाना होंगे।

घंटों से जाम में फंसे हजारों ट्रक निकले
रामायण टोल प्लाजा पर किसानों ने 48 घंटे तक जाम लगाया। जिस कारण से हजारों ट्रक फंसे हुए थे। कई दूर के प्रदेशों के बड़े वाहन भी टोल पर फंसे थे। हालांकि दुपहिया वाहनों को किसानों ने छूट दे रखी थी और छोटे वाहनों को पुलिस अन्य वैकल्पिक रास्तों से निकाल रही थी। शुक्रवार शाम सात बजे टोल पर जाम खोलने के बाद ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली और जाम में फंसे हजारों ट्रक अपने गंतव्य पर रवाना हुए।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static