विज से मिले शिक्षा मंत्री, कहा- नॉन परफॉर्मर सांसदों व विधायकों की कट सकती है टिकट

6/25/2018 9:52:03 AM

अंबाला (ब्यूरो): आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा के नान परफॉमर सांसदों और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इस बात का इशारा हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने दे दिया है। आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हाई परफॉर्मर नेताओं को ही टिकट दिए जाने की बात निकलकर सामने आ रही है। अम्बाला पहुंचे रामबिलास शर्मा ने अटकलों पर विराम लगाते हुए तय समय पर ही लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सांसदों और विधायकों के कामकाज की ग्राऊंड रिपोर्ट तैयार है। 

चंडीगढ़ से रामबिलास शर्मा अचानक अम्बाला पहुंचे और कुछ देर के लिए कैंट रैस्ट हाऊस रुके। जहां स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गले मिलकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रामबिलास ने यहां पत्रकारों से भी बातचीत की। अब की बार चुनावों में कई सांसदों और विधायकों की टिकट पर कैंची चलने की संभावनाओं के सवाल का जवाब देते हुए रामबिलास शर्मा ने कहा कि इस पर पार्टी हर बार विचार करती है। 

रामबिलास शर्मा ने जहां अम्बाला के सांसद रत्न लाल कटारिया के काम की तारीफ  की तो वहीं उन्होंने इशारों ही इशारों में कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की कार्यशैली पर सवालिया निशान भी लगा दिए। रामबिलास शर्मा भाजपा की उस कोर टीम के मुख्य रणनीति कार हैं जो प्रदेश के सांसदों और विधायकों के कामकाज की ग्राऊंड रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ हुई कोर कमेटी की बैठक से वापस लौटने के बाद रामबिलास शर्मा ने पत्रकारों से विचार सांझा किए। 

रामबिलास शर्मा ने कैथल के विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को बेचारा करार देते हुए कहा कि सुरजेवाला कई बार ट्रैक से हट जाते हैं। वे कैथल से विधायक हैं और वो हरियाणा बजट सैशन में नहीं आए। वे विधानसभा के सत्र में भी आते नहीं। वो सिर्फ मुनीमगिरि की बात करते हैंं। इस मामले में भी तंवर को न्याय नहीं मिला। अब हुड्डा जन भ्रांति यात्रा कर रहे हैं। 
 

Nisha Bhardwaj