भाजपा राज्यसभा सांसद बोले- सादी वर्दी में हेलमेट पहनकर शरारती तत्वों ने किसानों पर किया लाठीचार्ज

9/14/2020 10:35:39 AM

बहादुरगढ़ (प्रवीण): केंद्र के कृषि से जुड़े तीन अध्यादेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों पर हुए लाठीचार्ज पर सियासत गर्मा गई है। जहां कांग्रेस सहित अन्य दल प्रदेश सरकार पर हमलावर बने हुए हैं, वहीं प्रदेश सरकार भी इस पर मरहम लगाने का काम काम कर कर रही है। इसी बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि षड्यंत्रकारों ने सरकार को बदनाम करने के लिए किसानों पर लाठीचार्ज किया है। 

उन्होंने कहा कि वीडियो में सादी वर्दी में हेलमेट पहनकर व्यक्ति किसानों पर लाठियां बरसा रहा है। वह कोई शरारती तत्वों ही होगा। जांगड़ा ने दिल्ली दंगों का उदाहरण देकर सरकार का बचाव किया है। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा बहादुरगढ़ कि देवकरण धर्मशाला में आयोजित एक सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

रामचंद्र जांगड़ा का कहना है कि पिपली में किसानों पर लाठियां बरसाने में शरारती तत्वों का हाथ है। जांगड़ा ने कहा कि किसानों पर लाठियां बरसाते हुए की एक वीडियो उन्होंने भी देखी है। जिसमें सादी वर्दी में एक व्यक्ति किसानों पर लाठियां बरसा रहा है। जांगड़ा ने यहां दिल्ली दंगों का उदाहरण भी दिया। 

उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिल्ली में हुए दंगों में शरारती तत्व शामिल थे। उसी तरह से हरियाणा के पिपली में किसानों पर हुए लाठीचार्ज ने भी शरारती तत्व शामिल हैं। जांगड़ा ने कहा कि किसानों के लिए लाए जा रहे तीनों अध्यादेश किसानों के हक में हैं। देशभर के किसानों के सुझाव लेने के बाद उन्हें कानून में शामिल किया जाएगा। यहां जांगड़ा ने किसानों के विरोध को भी नाजायज ठहराते हुए कहा कि मामला विरोध से नहीं बल्कि संवाद से ही सुन सकता है।

vinod kumar