सतलोक आश्रम प्रकरण: हत्या के 2 मामलों में रामपाल व अन्य की पेशी

8/28/2018 12:50:46 PM

हिसार(पंकेस): सतलोक आश्रम प्रकरण में बरवाला थाना में दर्ज हत्या के 2 मामलों में सोमवार को अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आश्रम संचालक रामपाल की वीडियो कान्फ्रैंसिंग के जरिए हाजिरी लगी वहीं, अन्य आरोपियों को जेल में लगी अदालत में पेश किया गया। इन दोनों केसों में 4 गवाहियां हुईं। ये गवाहियां रामपाल पक्ष की तरफ से थीं। इन दोनों मामलों में अब अगली सुनवाई 10 सितम्बर को होगी। 

सोमवार सुबह हिसार सैंट्रल जेल-1 में लगी अदालत में बरवाला थाना में दर्ज अभियोग नम्बर-429 और अभियोग नम्बर-430 में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दोनों केसों में आरोपियों को जेल में लगी अदालत में पेश किया गया। आश्रम संचालक रामपाल की जेल-2 से वी.सी. के जरिए हाजिरी लगाई गई। इन दोनों मामलों एक पक्ष की गवाहियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को दूसरे पक्ष की 4 गवाहियां हुईं। गवाह के रूप में दिलबाग सिंह, महाबीर सिंह, दिलबाग, विनोद को बुलाया गया। इन सभी के न्यायाधीश के समक्ष बयान दर्ज किए गए।  

उल्लेखनीय है कि बरवाला पुलिस ने 19 नवम्बर 2014 को अभियोग नम्बर-429 दर्ज किया था। इसमें आश्रम में शव मिलने के बारे में हत्या और षड्यंत्र रचने का केस दर्ज किया था। अभियोग नम्बर-430 में धारा-302, 343, 120बी के तहत रामपाल, प्रीतम उर्फ राजकपूर, राजेंद्र सहित 14 के खिलाफ केस दर्ज किया था। 

रामपाल के हजारों अनुयायी पहुंचे हिसार
रामपाल के हजारों अनुयायी हर पेशी की तरह इस बार भी हिसार पहुंचे। डाबड़ा चौक पुल, पी.एल.ए. एरिया, क्रांतिमान पार्क, छोटूराम कालोनी पार्क सहित अन्य जगहों पर इन अनुयायियों का जमावड़ा रहा। जेल के आसपास जाने से रोकने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।
 

Rakhi Yadav