कांग्रेसी विधायक रघुवीर कादियान को सदन से निष्कासित करना ठीक कदम- रणजीत चौटाला

3/4/2022 5:34:26 PM

चंडीगढ़(धरणी):  लोकतंत्र का मंदिर समझी जाने वाली विधानसभा में अगर पुरातन परंपराएं और मर्यादाएं तार-तार कर दी जाए और करने वाले भी वे लोग हों जिन्होंने भारत के संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखने और बिना भेदभाव न्याय करने की शपथ ली हो तो फिर ऐसे कृत्य को क्या कहा जाए। राज्य में संविधान के रक्षक और राष्ट्रपति के प्रतिनिधि राज्यपाल के अभिभाषण की प्रतियां तक कांग्रेसी विधायक रघुबीर सिंह कादियान द्वारा फाड़ दिया जाना निश्चित रूप से निंदनीय है। इस कृत्य पर रघुवीर कादयान को सदन से निष्कासित किया गया। इस पर प्रदेश के जेल एवं बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि जब सदन की गरिमाए टूटती हैं तो इस प्रकार के फैसले लेने पड़ते हैं। इस प्रकार के काम पहले भी हुए हैं, जब हाउस में राज्यपाल का अभिभाषण फाड़ फेंक दिया गया हो। यह हाउस का अपमान है। इसलिए निष्कासित करने का फैसला लेना भी जरूरी होता है। चौटाला ने कहा कि कोई भी काम मर्यादा में रहकर करना चाहिए। मर्यादा से बाहर जब भी कोई बात होगी तो उसका नतीजा अच्छा नहीं हो सकता।

चौटाला ने कहा आने वाला बजट निश्चित तौर पर प्रदेश के हर वर्ग- हर जाति- हर धर्म और हर व्यक्ति के लिए लाभकारी सिद्ध होने वाला साबित होगा। पहली बार सभी विभागों-मंत्रियों- विधायकों से परिचर्चा कर बजट का निर्माण किया जा रहा है। बजट को लेकर आम लोगों के भी इनपुट लिए गए हैं। इसीलिए यह बजट मोस्ट बैलेंसड बजट होगा। प्रदेश के वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री मनोहर लाल हैं। इसलिए इस बजट से उम्मीदें डबल हो जाती हैं। बिजली और जेल विभाग के लिए बजट से उम्मीदों पर सवाल पूछे जाने को लेकर चौटाला ने कहा कि अभी तक बजट मुख्यमंत्री के पिटारे में बंद है और प्रदेश के वित्त मंत्री यह अधिकार क्षेत्र में है। जब वह बजट पेश करेंगे तभी कुछ कहना अच्छा रहेगा। उससे पहले कुछ कहने का अधिकार नहीं है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय बच्चों को लेकर पुतिन और बाइडेन से की है बात : चौटाला

चौटाला ने यूक्रेन में फंसे भारतीय बच्चों पर बात करते हुए कहा कि यह विषय पूरे देश के लिए चिंता से भरा है। लेकिन देश का नेतृत्व एक मजबूत शख्सियत के हाथों में है। जो कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन के संपर्क में है। सकारात्मक परिणाम आने की पूरी संभावनाएं हैं।

Content Writer

Vivek Rai