राम रहीम की पैरोल को लेकर रणजीत चौटाला का बयान, बताया क्या हैं जेल विभाग के नियम

1/22/2023 10:44:36 PM

सिरसा(सतनाम) : डेरा प्रमुख राम रहीम को मिली 4 सप्ताह की पैरोल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जेलों में 25 हजार कैदी हैं और सभी को फरलो व पैरोल लेने का अधिकार है। मंत्री ने बताया कि 3 और 5 साल की सजा काटने के बाद हर कैदी को पैरोल और फरलो लेने का अधिकार है। जेल मंत्री ने कहा कि ऐसे कैदी को 1 साल में 10 हफ्ते की पैरोल लेने का अधिकार है। वहीं 4 हफ्ते की फरलो लेने का अधिकार भी सभी कैदियों को दिया गया है।

 

जेलों में सुधार के लिए व्यापक कदम उठा रही सरकार : जेल मंत्री

 

जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला हरियाणा की जेलों में सुधार को लेकर बयान दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जेलों में सुधार के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। जेलों में सुपरिडेंट को नई गाड़ियां दी गई हैं। इसके अलावा कैदियों के लिए खाने-पीने के अच्छे प्रबंधन के साथ ही सफाई व्यवस्था में भी सुधार किए गए हैं। जेल मंत्री ने कहा कि कैदियों की सुविधा को ध्यान में रखकर मुलाकात व टेलीफोन पर बातचीत करने के समय में भी इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि  फतेहाबाद में नई जेल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

 

गुरूग्राम की हाई सिक्योरिटी जेल में होगी 3 टायर सुरक्षा व्यवस्था

 

रणजीत सिंह ने कहा कि 60 साल से ज्यादा उम्र के कैदियों को सर्दी के मौसम में नहाने के लिए गर्म पानी जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है। दादरी में नई जेल बनाने का मामला सरकार के समक्ष विचाराधीन है, जिस पर जल्द ही विचार किया जाएगा। इसके साथ-साथ गुरुग्राम में निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी जेल में 3 टायर सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan