क्रास वोटिंग के आरोपी 5 विधायकों को निलंबित करने को लेकर राव नरेंद्र सिंह का बड़ा बयान, जानें क्या कहा
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 05:59 PM (IST)
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी ): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा के पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।इन विधायकों पर आरोप हैं की राज्यसभा चुनावों में इन्होंने क्रास वोटिंग की थी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुनहाना एवं हथीन विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायक क्रमशः श्रीमती शैली चौधरी, श्रीमती रेणु बाला, सरदार जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास तथा मोहम्मद इज़राइल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के उपरांत की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित विधायकों ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।