किसानों से संवाद के नाम पर प्रधानमंत्री ने स्वांग रचा, जनता भाजपा के प्रपंच को समझ चुकी है: राव

12/25/2020 7:51:35 PM

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने प्रधानमंत्री के किसानों के नाम संबोधन को छलावा करार दिया। उन्होंने कहा कि किसानों से संवाद के नाम पर प्रधानमंत्री ने स्वांग रचा है। देश के अन्नदाता के साथ देश की आम जनता भाजपा और उसकी सरकार के झूठ के प्रपंच को समझ चुकी है। 

राव ने कहा कि प्रधानमन्त्री ने संबोधन में पश्चिम बंगाल के चुनाव पर फोकस किया। उन्होंने एक बार भी यह नहीं बताया कि कानूनों को लेकर सरकार की असली मंशा क्या है? उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था, लेकिन भाजपा सबका साथ लेकर सबका विनाश करने पर तुली है। सुशासन का दावा करने वाली सरकार बताए कि किसके लिए सुशासन स्थापित किया गया? चंद कॉरपोरेट को ही सरकार के सुशासन का लाभ मिल रहा है। ये सरकार 130 करोड़ देशवासियों के सपने सच करने का दंभ तो भर रही है, लेकिन सही मायने में सरकार देश के सपने तोडऩे का काम कर रही है। 

राव ने कहा कि किसान आंदोलन को अपनी चिकनी चुपड़ी बातों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन सरकार को यह समझना चाहिए कि अब किसान आंदोलन का रुख बदल चुका है और किसान कृषि कानूनों को रद्द कराने और एमएसपी की गारंटी के लिए आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा की सरकारें दो सूत्रीय एजेंडा है। पहला सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार और दूसरा, जनता पर अत्याचार। इस सरकार में केवल किसान पर ही अत्याचार नहीं हो रहा, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी हर वर्ग सरकार के अत्याचार का शिकार हो रहा है। सरकारी दफ्तरों में परचून की दुकान की तरह हर काम के रेट लगे हुए हैं। इस सरकार में भ्रष्टाचार सिर चढ़कर बोल रहा है। भाजपा ने छह साल देश को बरगलाने के सिवाय कुछ नहीं किया।

Shivam