MBBS छात्रा से रेप करने वाला छात्र दोषी करार, 14 नवंबर को होगा सजा का फैसला

11/9/2017 5:45:45 PM

हिसार/ कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से एम.बी.बी.एस. कर रही कुरुक्षेत्र निवासी छात्रा को एक युवक ने धोखे से नशीला पदार्थ पिला दिया और फिर होटल में ले जाकर उसे हवस का शिकार बनाया। इस दौरान उसने छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना दिया। मामला 2014 का है। मामला पुलिस के बाद अदालत पहुंचा था। गत दिवस अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार दे दिया है। उसकी सजा पर फैसला 14 नवंबर को होगा।

जुलाई 2014 में पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया था कि कुरुक्षेत्र निवासी राहुल से उसकी मुलाकात पीएमटी की कोचिंग लेने के दौरान हुई थी। बाद में वह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और राहुल मुज्जफरनगर के एक मेडिकल कॉलेज से एम.बी.बी.एस. करने लगे। राहुल इस दौरान उससे फोन पर संपर्क करता रहा। मई 2014 को कॉलेज में आया था। वह दोस्ती के बहाने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसे हिसार के एक होटल में ले गया। छात्रा ने शिकायत में कहा था कि उसे होटल में नींद आ गई। जब आंख खुली तो वह कमरे में  निर्वस्त्र थी। छात्रा के मुताबिक उसके उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसने शोर मचाया तो राहुल उससे मारपीट करने लगा।

छात्रा के मुताबिक राहुल ने उससे कहा कि उसने उससे दुष्कर्म किया है। यही नहीं, उसने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली है। अब अगर भविष्य में उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसके परिजनों को मार डालेगा। इसके बाद वह उसे अक्सर ब्लैकमेल करने लगा और उससे नकदी व महंगे गिफ्ट की मांग करने लगा। बार-बार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर छात्रा ने सारी बात अपने परिजनों को बताई। अग्रोहा थाना पुलिस ने नामजद राहुल के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अदालत में केस चला। गत दिवस दोनों पक्षों की दलीलें व सबूतों के मद्देनजर राहुल को दोषी करार दिया गया। उसकी सजा पर फैसला 14 नवंबर को होगा।