प्रवासी महिला से धार्मिक स्थान पर रेप!

4/2/2017 10:24:38 AM

कैथल (रमन गुप्ता):झाड़ा लगवाने के बहाने एक रिक्शा चालक प्रवासी महिला को धार्मिक स्थान पर ले गया और वहां पर उसके साथ 2 बार रेप किया। जोर-जबरदस्ती में पीड़िता व आरोपी दोनों घायल हो गए। महिला को परिजनों ने सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, वहां आरोपी एक निजी अस्पताल से कुछ ही देर में फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. सतीश गौतम सहित सिटी व महिला पुलिस कर्मचारियों की टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। 

रिक्शा चालक ने बताया सच 
रिक्शा चालक निमाय निवासी बिहार ने बताया कि वह महिला को झाड़ा लगवाने के लिए धार्मिक स्थान पर लेकर गया था। उसके साथ संजय दूसरा रिक्शा चालक भी था। वहां संजय ने उसे दवाई की पर्ची देकर पुराने बस स्टैंड पर भेज दिया। जब वापस आया तो संजय घायल था और उसके मुंह से खून बह रहा था। वह रिक्शा में संजय को एक निजी अस्पताल में छोड़कर आया तो देखा कि धार्मिक स्थान के अंदर महिला भी घायल थी। उसके हाथ व पैर बंधे हुए थे। उसे वह तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा और उसका इलाज करवाया। अस्पताल में पीड़ित महिला ने बताया कि संजय ने उसके साथ 2 बार गलत काम किया और उसे घायल कर दिया। पुलिस महिला व परिजनों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। 

'धार्मिक स्थान पर घिनौना कार्य नहीं होगा बर्दाश्त' 
महिला के इलाज व मदद के लिए हिंदू जागरण मंच के संगठन महामंत्री रोशन सैनी व काला रहबारी पहुंचे हुए थे। रोशन ने कहा कि झाड़ा लगाने के बहाने धार्मिक स्थान पर ऐसा घिनौना कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डी.एस.पी. सतीश गौतम ने बताया कि घटना सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अस्पताल में गया था। महिला पुलिस को पीड़िता के बयान लेकर आगामी कार्रवाई के लिए बोला गया है।