रेप पीड़िता पर बनाया केस वापिस लेने का दबाव, मना करने पर चाकुओं से गोदा

3/27/2017 11:50:32 AM

फरीदाबाद(पंकेस):अदालत में विचाराधीन दुष्कर्म के मामले को वापस लेने से इनकार करने पर एक युवक ने सारन स्कूल रोड पर पीड़िता की स्कूटी को ओवरटेक कर रुकवा लिया। युवती के रुकते ही आरोपी पहले तो अदालत में जाने की बात का उलहाना देने लगा। इसके बाद आरोपी मामले को वापस लेने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने मना किया तो उसने चाकू से वार कर पीड़िता को घायल किया और मौके से फरार हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक सारन इलाके में रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहती है। कुछ समय पहले वह दुष्कर्म का शिकार हो गई थी। उसने गत 18 दिसम्बर 2016 को आरोपी विवेक के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा दिया था। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। गत दिवस को वह इस मामले में तारीख पर अदालत में गई थी। शाम को लौटकर आई तो उसकी तबीयत कुछ खराब थी। रात करीब नौ बजे वह स्कूटी पर सवार होकर डाक्टर के पास जा रही थी। सारन स्कूल रोड पर विवेक ने बाइक से ओवरटेक कर उसकी स्कूटी को रुकवा लिया।

विवेक धमकी देते हुए कह रहा था कि वह मना करने के बावजूद अदालत में क्यों गई। इसके अलावा वह दुष्कर्म का मामला वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगा। उसके इनकार करने पर विवेक ने जेब से चाकू निकाल लिया। आरोपी ने उसके सिर पर शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। उसे घायल करने के बाद फरार हो गया।