गुरुग्राम में दुष्कर्म के दो मामले, अभी नहीं हो पाई गिरफ्तारी

10/3/2017 2:35:04 PM

गुरुग्राम(सतीश): साइबर सिटी गुरुग्राम में दुष्कर्म के मामले बढ़ते जा रहे हैं और अब एक ही दिन में ऐसी ही दो घटनाएं सामने आई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 

पहला मामला 
गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क इलाके में रहने वाली पीड़िता अपनी पति की बेरुखी की शिकार हुई और फिर अशोक विहार इलाके के एक युवक नवीन को सहारे का कंधा समझ भरोसा किया, लेकिन वही भरोसा महिला की इज्जत का सौदागर बन गया। शुरुआती दौर में आरोपी नवीन ने महिला के साथ न केवल शादी करने का झांसा दिया बल्कि उसके साथ पति की तरह भी बर्ताव करने लगा। इस दौरान आरोपी ने कई बार पीड़िता का यौनशोषण किया और फिर देर बाद आरोपी पीड़िता को छोड़ फरार हो गया। इस बात की जानकारी परेशान पीड़िता ने पुलिस को दी। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

दूसरा मामला
दूसरा मामला लक्ष्मण विहार इलाके का हैं जहां उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती अपनी बहन और उसके पति के साथ रहती है। युवती घरों में काम करती है। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि करीब दो माह पहले उसके जीजा ने दिल्ली में रहने वाले दिनेश नामक युवक से मिलाया। दिनेश से उसकी मुलाकात बढ़ने लगी। एक दिन आरोपी दिनेश ने कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद वह दोनों एक साथ रहने लगे। दिनेश ने शादी के नाम पर उसके साथ कई बार विरोध के बावजूद शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह उससे मिलने नहीं आया और न ही संपर्क किया। पुलिस ने ये मामला दर्ज कर लिया है और पीड़िताओं का मेडिकल करा मजिस्ट्रेट के सामने आईपीसी की धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज करा दिया है।