गंदे माहौल का असर, 13 साल के लड़के ने 3 साल की बच्ची से किया दुष्कर्म

1/17/2018 3:04:02 PM

हिसार: हरियाणा में महिलाओं व बच्चियों के प्रति बढ़ते अपराध के कारण माहौल इतना गंदा हो गया कि, किशोर नहीं बल्कि बाल्य अवस्था के बच्चों पर भी इसका असर पडऩे लगा है। हिसार एक कॉलोनी में रहने वाली तीन साल की बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले 13 साल के लड़के ने दुष्कर्म किया। परिजन घर पहुंचे तो बच्ची को बिलखते हुए देखा। इसके बाद बच्‍ची लड़के की करतूत के बारे में बताया तो उनके होश उड़ गए। बच्‍ची की हालत खराब देख परिजन उसे अस्‍पताल ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की महिला सुरक्षा प्रभारी अमरजीत, महिला थाना एसएचओ सरोज अस्पताल पहुंची। बच्ची का मेडिकल करवाने के लिए महिला चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के दौरान दुष्कर्म और कुकर्म की पुष्टि की गई है। पुलिस ने मामले में पीड़ित परिजनों के बयान पर किशोर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, हिसार की एक कालोनी में रहने वाली तीन साल की बच्ची मंगलवार को घर में खेल रही थी। बच्ची के माता-पिता काम पर गए हुए थे। घर में बच्‍ची का बड़ा भाई भी मौजूद था। शाम करीब चार बजे पड़ोस में रहने वाला 13 साल का लड़का उनके घर आया। वह वहां से बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ घर लेकर आ गया। वहां कमरे में ले जाकर उसके साथ कुकर्म और दुष्कर्म किया।

करीब एक घंटे बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची। उसके कपड़े पर खून लगा हुआ था। बड़े भाई ने चोट लगने की सोच उसके कपड़े बदल दिए। जिन कपड़ों पर खून लगा था, उसे धो दिया। देर शाम परिजन घर पहुंचे तो बच्ची की हालत खराब थी। वह रो रही थी और अंगों से खून का बह रहा था। यह देख माता-पिता चौंक गए। बच्ची से रोने का कारण पूछने पर उसने पड़ोसी लडके की घिनौनी हरकत के बारे में बताया।

आरोपी लड़के को भईया कहती थी बच्ची
परिजनों ने बताया कि बच्ची पड़ोस में रहने वाले किशोर को भईया..भईया कहती थी। जब घर पहुंचे थे, तब भी वह भईया-भईया कह रही थी। उसका नाम भी ले रही थी। तब उन्हें सच्चाई का पता लगा। मामले के उजागर होने के बाद ही किशोर को काबू कर लिया गया था। वह अपने रिश्तेदार के पास करीब डेढ़ साल से रहता है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है।

इस मामले में एसएचओ महिला थाना सरोज ने बताया कि, बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले किशोर ने कुकृत्य किया है। उसके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाते हुए केस दर्ज किया है।

उकलाना की गुडिय़ा के साथ दरिंदगी
उकलाना में छह साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाला भी नाबालिग था। शैक्षणिक दस्तावेज और आधार कार्ड के अनुसार उसकी उम्र 18 साल से कुछ माह कम थी। अब 13 साल के किशोर द्वारा तीन साल के बच्ची के साथ घिनौनी हरकत करने का मामला उजागर हुआ है। दोनों मामलों में आसपास के रहने वाले परिचितों ने घिनौनी हरकत की है। बस फर्क इतना ही कि इस बार बच्ची की जान बच गई।