पाखंडी बाबा की करतूत, जादू- टोने के मायाजाल में फंसाकर करता रहा दुष्कर्म (Video)

10/15/2018 12:11:08 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद की त्रिखा कॉलोनी में एक पाखंडी बाबा का चेहरा सामने आया है, जो एक महिला का 16 सालों से लगातार बलात्कार करता रहा। पाखंडी बाबा ने जादू-टोने के नाम पर महिला को अपने जाल में फंसा रखा था और विरोध किए जाने बावजूद उसका यौन शोषण करता था। पाखंडी ने महिला की इज्जत से खिलवाड़ करने के साथ ही उसकी संपत्ति पर भी कब्जा कर चुका था। पीड़ित महिला के मुताबिक, पाखंडी ने उसके मकान और उसकी बहन को तलाक के बाद मिले पैसे भी हड़प लिए थे।



जानकारी के मुताबिक, अपने आप को बालाजी का भक्त बताने वाला अशोक फरीदाबाद की त्रिखा कॉलोनी में रहता है। उस पर उसकी ही एक भक्त महिला ने बलात्कार के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, वह 16 साल पहले अशोक कुमार के पास अपने घर की समस्या लेकर पहुंची थी। लेकिन उसके घर के दुख दूर होने की बजाए लगातार बढ़ते ही गए।



उसने बताया कि पाखंडी बाबा ने उसे मायाजाल में फंसाकर पिछले 16 सालों से उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। उसने आरोप लगाया कि लगातार विरोध करने के बावजूद भी पाखंडी बाबा  उसकी अस्मत को तार-तार करता रहा। पाखंडी बाबा ने महिला के मकान के कागजात और उसकी बहन के तलाक में मिले चार लाख नकदी भी अपने कब्जे में ले रखी है।



वहीं, महिला ने बल्लबगढ़ के महिला थाने में बाबा के खिलाफ बलात्कार और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला के बयान पर बाबा अशोक और उसके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी बाबा को हिरासत में ले लिया गया है। 

Shivam