नहीं मिला इंसाफ तो मिट्टी का तेल लेकर सुसाइड करने SP आॅफिस पहुंची रेप पीड़िता (VIDEO)

1/1/2018 5:30:26 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): रोहतक में एक रेप पीड़िता परिवार सहित आत्मदाह के इरादे से एसपी अॉफिस पहुंची। पीड़िता अपने साथ में मिट्टी के तेल की केन लिए हुए थी। महिला के साथ करीब सवा महीने पहले रेप हुआ था लेकिन केस दर्ज होने के बाद अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार में नाराजगी है। वहीं एपी पंकज नैन ने इस मामले में हर पहलू से जांच का आश्वासन दिया है। 

परिचित के घर हुआ था रेप
रोहतक के मदीना गांव की एक महिला 18 नवंबर 2017 को अपनी किसी परिचित के घर पर रिठाल गांव गई हुई थी। वह रात को वहीं पर रुक गई। इसी दौरान महिला के साथ 19 नवंबर को वहां रेप हुआ। पीड़िता ने घर आकर अपने परिजनों को इस घटना के बारे में बताया। जिसके अनुसार रेप कराने में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। 

अभी तक नहीं हो पाई आरोपियों की गिरफ्तारी
इसके बाद रोहतक में महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत दी गई। 24 नवंबर को महिला पुलिस स्टेशन में 4 आरोपियों के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया गया लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जिससे पीड़िता अौर उसके परिजनों में रोष है। आज महिला अपने परिजनों के साथ एसपी अॉफिस पहुंची। उसके हाथ में मिट्टी के तेल की केन थी, वह आत्मदाह करने के इरादे से आई थी लेकिन इससे पहले वह कोई कदम उठाती, पुलिस ने उससे तेल की केन ले ली। 

एसी ने दिया जांच का आश्वासन
परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने कहा कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। उधर, एसपी पंकज नैन का कहना है कि इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मामला संदेह के दायरे में है।