9 माह के बच्चे के साथ दुष्कर्म पीड़िता का हुआ अपहरण, देवर ने ही बनाया था हवस का शिकार

7/12/2022 6:30:12 PM

पानीपत(सचिन): जिले के तहसील कैंप थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी से दुष्कर्म पीड़ित महिला का उसके 9 माह के बेटे समेत अपहरण करने का मामला सामने आया है। अपहरण करने का आरोप रेप के आरोपी देवर समेत ससुरालजनों पर लगाया गया है। महिला ने आरोपी देवर के खिलाफ 2 माह पहले दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया गया था। केस में यह भी बताया गया था कि उक्त बच्चा देवर का ही है। बच्चे को ले जाने के लिए आरोपियों ने मां-बेटे का अपहरण कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 365 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

महिला के साथ 9 माह का बच्चा भी हुआ गायब

पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी 9 जुलाई की शाम साढ़े 4 बजे से लापता है। उसे शक है कि बेटी का अपहरण उसके ससुराल वालों ने किया है। बेटी के साथ उसके 9 माह के बेटा भी अपहरण हुआ है। महिला ने आरोप लगाया कि घर से कुछ रुपए भी गायब हैं। वहीं जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

महिला ने देवर पर दुष्कर्म करने का लगाया था आरोप

गौरतलब है कि बीती 11 मई को पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि उसकी शादी फरवरी 2020 में हुई थी। शादी के बाद से ही उसका देवर उस पर गंदी नजरें रखता था। एक दिन मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। इसके बाद धमकी देकर वह बार-बार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस बारे में जब हिम्मत करके उसने अपने ससुराल वालों को बताया तो उन्होंने भी आरोपी का ही पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि यहां रहना है, तो यह सब सहन करना ही पड़ेगा। इससे आरोपी देवर के हौंसले और बुलंद हो गए और वह बार-बार दुष्कर्म करता रहा, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने एक बेटे को जन्म दिया।

पति करता था मारपीट, ससुर भी रखता था गंदी नजर

पति को इस बारे में बताया तो उसने भी सभी के बीच उससे मारपीट की। पीड़िता ने इस बारे में सास और ससुर को बताया तो उन्होंने कहा कि बच्चा देवर का हो या पति का, क्या फर्क पड़ता है। दोनों भाई ही हैं। इसके बाद ससुर भी उसके ऊपर गंदी नजरें जमाने लग गया और छेड़छाड़ करने लगा। इस सबसे महिला सदमे में आ गई और वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई। आरोपियों के खिलाफ थाने में केस दर्ज करवाया, लेकिन आरोपियों ने उसे बच्चे समेत किडनैप कर लिया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai