नाबालिगा को नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, 5 महिलाअों ने भी दिया साथ

6/22/2018 9:18:18 AM

यमुनानगर(ब्यूरो): गांव खारवन में रिश्तेदारी में आए एक युवक ने नाबालिग लड़की को घर पर बुलाकर चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित युवक ने पीड़िता की मोबाइल में वीडियो बनाया और ब्लैकमेल कर उसके साथ एक बार और दुष्कर्म किया। आरोप है कि गलत काम करने में आरोपित युवक का उनके रिश्तेदार 3 युवतियों व 2 महिलाओं ने भी उसका साथ दिया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपित युवक, 3 युवतियों व 2 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार हैं। 

जानकारी के अनुसार गांव खारवन निवासी एक महिला ने पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि गत 7 मई को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ किसी काम से बाहर गई थी। घर पर उसकी साढ़े 17 वर्षीय लड़की अकेली थी। इस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाली कोमल उसकी लड़की को बुलाकर अपने घर ले गई। वहां पर कोमल, ममता, नीलम, सपना व मंजीत ने उसे चाय पीने के लिए दी। चाय पीते ही उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद आरोपित महिलाओं व युवतियों ने उसकी लड़की को कमरे में लिटा दिया। जहां पर पहले से ही जिला अम्बाला के गांव हरड़ा निवासी राहुल मौजूद था। इस दौरान आरोपित युवक ने उसकी लड़की के साथ दुष्कर्म किया। 

आरोप है कि आरोपित युवक ने अपने मोबाइल में दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। जब उसकी लड़की को होश आया तो आरोपितों ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसकी लड़की अपने घर पहुंची मगर उसने डर के कारण घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। इसके बाद 14 मई को फिर से कोमल उसकी लड़की को घूमने के बहाने अपने साथ ले गई। जब वह दोनों गांव के बाहर सड़क पर पहुंची तो वहां पर पहले से ही राहुल बाइक पर खड़ा था। आरोपित युवक ने उसकी लड़की को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उसे बाइक पर बिठाकर गन्ने के खेत में ले गया। जहां पर आरोपित ने फिर से उसकी लड़की के साथ दुष्कर्म किया। उसकी लड़की किसी तरह घर पहुंची। उसके बाद फिर से आरोपित उसकी लड़की को फोन कर परेशान करने लगा और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर पीड़िता ने सारी घटना उन्हें बताई। इसके बाद शिकायत पुलिस को दी।
 
एस.आई. कुसुम बाला का कहना है कि आरोपित युवक समेत खारवन निवासी 3 युवतियों व 2 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

Nisha Bhardwaj