बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

2/26/2017 1:28:45 PM

चरखी दादरी (राजेश):वार्ड-4 में बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसको शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी युवक वार्ड-4 का ही रहने वाला है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व महेंद्रगढ़ चुंगी क्षेत्र के वार्ड-4 निवासी एक बुजुर्ग महिला अपने मकान के समीप प्लाट में अकेली सो रही थी। उसी दौरान देर रात एक युवक प्लाट की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर गया तथा महिला से अश्लील हरकते करने लगा।

 
युवक की हरकतों के बाद महिला की नींद खुली तथा उसने इसका विरोध किया लेकिन उक्त युवक ने महिला से मारपीट की व दुष्कर्म किया। पीड़िता ने दादरी सिटी थाने में शिकायत दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को सैंकड़ों लोगों ने सिटी थाने में एस.एच.ओ. से मुलाकात की थी। पुलिस ने शुक्रवार देर सायं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जिसको शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।