पति को घायल कर पत्नी से दुष्कर्म करने का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

6/22/2017 4:46:20 PM

रेवाड़ी(मोहिंदर भारती):पति पर घातक हमला कर पत्नी के साथ खेतों में ले जाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी आखिरकार गिरफ्तार हो गया। कोसली क्षेत्र के गांव में एक मुर्गी फार्म में नौकरी करने वाले उत्तरप्रदेश निवासी परिवार की महिला से हुए दुराचार के मामले में पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। उसकी पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव बाघोत निवासी अविनाश के रूप में हुई है। गांव बाघोत की सीमा पीड़िता के गांव से निकट है। 

उल्लेखनीय है कि सोमवार रात को फार्म में आए आरोपी ने सो रहे महिला के पति के  सिर पर डंडे से वार किया तथा उसके बेहोश कर दिया। तत्पश्चात पास ही सो रही उसकी पत्नी को आरोपी अविनाश डरा-धमकाकर कुछ दूरी पर खेतों में ले गया और वहां पर पूरी रात उसके साथ कई बार दुराचार किया।

पुलिस ने पीड़िता के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म व धमकी देने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में गिरफ्तार अविनाश को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश कर 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। महिला का पति अभी तक कोमा में रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। आरोपी की गिरफ्तारी पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर की गई।