किसानों पर हुए लाठीचार्ज पर आई नेताओं की प्रतिक्रियाएं, सीएम मनोहर लाल ने कही ये बात

8/28/2021 4:03:49 PM

डेस्क (ब्यूरो): कृषि कानूनों को रद्द करवाने की मांग पर अड़े किसानों ने आज करनाल में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का विरोध कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर किसानों पर जमकर लाठियां बरसा दीं। इसके बाद करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर बरसी लाठियों का असर पूरे प्रदेश में किसानों द्वारा रोड जाम करने पर देखने को मिला। वहीं अब किसानों पर लाठीचार्ज का मुद्दा अब राजनीतिक गलियारों तक भी पहुंच गया है। लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है वहीं मुख्यमंत्री मनोहर ने भी इस अपनी प्रतिक्रिया दी है।



मुख्यमंत्री मनोहर ने किसानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कहा कि इस मामले को लेकर जांच की जाएगी कि आखिर इसमें ज्यादती किसने की है। अगर पुलिस ने ज्यादती की है तो पुलिस को दण्डित किया जाएगा और किसानों की ज्यादती होगी तो किसानों को दण्डित किया जाएगा। वहीं लाठीचार्ज मामले से जुड़े एक वायरल वीडियो, जिसमें एसडीएम ने किसानों पर लठ्ठ बरसाने का आदेश दे रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी जानकारी मिलेगी तो जांच करवाई जाएगी।



उधर, किसानों की पर हुए लाठीचार्ज को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला व पूर्व विधायक अभय चौटाला ने भी सरकार को घेरने का प्रयास किया है। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने ट्विटर पर लिखा, 'करनाल में किसानों पर हुआ लाठीचार्ज न सिर्फ अलोकतांत्रिक है बल्कि अमानवीय भी है। हम इसकी निंदा करते हैं। लोकतंत्र में सभी को अपना विरोध दर्ज करने का संवैधानिक हक है। लाठी-गोली से सरकार नहीं चला करती, लोगों का दिल जीतकर सरकार चलती है।'
 


वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा, 'खट्टर साहेब, आज करनाल में हर हरयाणवी की आत्मा पर लाठी बरसाई है। धरती के भगवान किसान को लहूलुहान करने वाली पापी भाजपाई सत्ता का दमन दानवों जैसा है। सड़कों पर बहते-किसानों के शरीर से रिसते खून को आने वाली तमाम नस्लें याद रखेगीं।
याचना नहीं, अब रण होगा,
जीवन-जय या मरण होगा।'
 

 

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने लिखा, 'शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे किसानों पर लाठियां बरसा कर गठबंधन सरकार अपने ताबूत में आखिरी कील ठोक रही है। अहंकारी सरकार एक दर्जन बार किसानों पर लाठियां बरसा कर उन्हें लहूलुहान कर चुकी है। सत्ता का ये अहंकार किसान चकनाचूर करना जानते हैं।'
 

 

 

 

Content Writer

Shivam