Haryana News Bulletin: पढ़ें दिन भर की 10 बड़ी खबरें

5/13/2019 9:39:46 PM

राजनीति से लेकर अपराध जगत तक, पढ़ें हरियाणा की दस बड़ी खबरें पंजाब केसरी के इस न्यूज बुलेटिन में...

सांसद धर्मबीर का दावा- 9 विधानसभाओं पर 2 लाख से अधिक वोटों से होगी जीत
भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी सांसद धर्मबीर सिंह अपने कार्यकर्ताओं से लोकसभा में जीत के लिए अपना गणित तैयार किया। कभी फोन पर तो कभी आने वाले कार्यकर्ताओं, नेताओं और पत्रकारों से बात कर फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंनेे दावा किया वे भिवानी की 9 की 9 विधानसभा में करीब 2 लाख 62 हजार वोटों से जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है।

आप लोकसभा अध्यक्ष अनूप चानौत की गाड़ी पर हमला
आम आदमी पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष अनूप सिंह चानौत की गाड़ी को अज्ञात हमलावरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। लोकसभा मीडिया समन्वयक पीयूष बूरा ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव की रात वह अनूप के साथ ही थे, अनूप की गाड़ी उनके घर के बाहर खड़ी थी। लगभग आधी रात को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी पर पत्थर बरसाए, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

'बूथ कैप्चरिंग' मामले में चुनाव आयोग ने लिया एक्शन, पोलिंग एजेंट गिरफ्तार (VIDEO)
चुनाव आयोग ने एक्शन लेते हुए पोलिंग एजेंट को बूथ कैप्चरिंग मामले में गिरफ्तार किया है। दरअसल कल लोकसभा चुनाव के चलते एजेंट का वीडियो टि्वटर पर तेजी से वायरल हुआ। जिसमें साफ तौर से दिखाई दे रहा नीली टीशर्ट में बैठा युवक पृथला के असावटी के एक पोलिंग बूथ में वोटर्स के वोट डालते समय अपनी सीट से उठता है और उनके पास जाकर जबरन बटन दबाकर वापिस अपनी सीट पर आ जाता है।

मतदान के दौरान भाजपा के पोलिंग एजेंट की दिल का दौरा पड़ने से मौत
हरियाणा प्रदेश की दस लोकसभा सीटों पर कल छठें चरण में छुटपुट घटनाओं के साथ मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। लेकिन इस कड़ी में एक खबर ऐसी आई जिससे बराड़ा के गांव रजौली में मातम छा गया। रजौली गांव में मतदान के दौरान भाजपा के पोलिंग एजेंट की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। 

तस्करी के लिए मेवात ले जाई जा रही लगभग 30 गाय पकड़ी, आरोपी हुए फरार
फरीदाबाद में गौ रक्षक सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मदद से गोकशी के लिए क्रूरता से ट्राले में ठूंस कर ले जाई जा रही करीब 30 गायों को छुड़ाया। वहीं ट्राले का चालक व उसके साथी मौके से फरार हो गए। फिलहाल, पुलिस ने गायों को छुड़ाने के बाद दो तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि अभी पिछले सप्ताह में इन्हीं गौ रक्षकों ने तस्करी के लिए बेदर्दी से बांधकर ले जाई जा रही 9 गायों को छुड़ाया था।

डीएवी स्कूल जींद पहुंचे युजवेन्द्र चहल व आशीष नेहरा, बच्चों ने साथ कराई सेल्फी
आज जींद जिले के  डीएवी स्कूल में आयोजित अभिनंदन समारोह में क्रिकेटर युजवेन्द्र चहल व आशीष नेहरा एक साथ पहुंचे। इस खुशी में उनका स्वागत ढोल नगाड़ों के साथ किया गया और स्कूल के सभी बच्चे और स्कूल स्टाफ उनसे ऑटोग्राफ और उनके साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए। यहां पर युजवेंद्र चहल पर बनने वाली डॉक्यूमेंट्री बनाने वाले टीवी चैन स्टार स्पोट्र्स की एक बड़ी टीम पहुंची थी।

EVM की सुरक्षा को लेकर तंवर ने दिया विवादित बयान, दुग्गल फैमिली पर लगाए आरोप
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी अशोक तंवर ने विवादित बयान दिया है। ईवीएम सुरक्षा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अशोक तंवर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जहां भी खाली ईवीएम के वाहन देखें या स्ट्रांग रूम के इर्द-गिर्द भी कहीं उन्हें कोई संदिग्ध वाहन नजर आए तो उसे आग लगा दें। 

पंचकूला में दरिंदगी: मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या
जानी मानी मशहूर सिटी चंडीगढ़ से सटे शहर पंचकूला में एक बार फिर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पांच साल की मासूम सी बच्ची के साथ दरिंदगी को अंजाम दिया गया। बच्ची से दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची यहां झुग्गियों में रहती थी। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कोठी में लटका मिला नौकरानी का शव, अगले महीने उठनी थी डोली
पानीपत के पॉश इलाके मॉडल टाउन क्षेत्र में एक कोठी में काम करने वाली लड़की का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। लड़की के परिजनों ने मकान मालकिन पर लड़की की हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि लड़की की  एक महीने बाद शादी होने वाली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीएम सिटी में रिश्तों का खून- पति ने पत्नी का गला दबाकर मार दिया
हरियाणा की सीएम सिटी करनाल में रिश्तों को तार-तार करने का मामला सामने आया है। यहां एक प्रवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी का हत्या उसका गला दबाकर कर दी और मौके से फरार हो गया। वहीं इस वारदात की खबर तब मिली जब मकान मालकिन ने पुलिस में शिकायत दी। फिलहाल, पुलिस ने मृतक महिला का शव मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है व मामले की जांच शुरू कर दी है।

Shivam