हरियाणा BJP में दिखी बगावत, 11 मंडल अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे सामूहिक इस्तीफे, जिलाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 09:42 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हिसार जिले के अंदर बड़ा संगठनात्मक विवाद सामने आया है। जिले के 13 में से 11 मंडल अध्यक्षों ने सामूहिक रूप से अपने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को भेज दिए हैं। 

इस्तीफे में मंडल अध्यक्षों ने जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन पर अनदेखी और साइड लाइन करने के आरोप लगाए हैं। इस्तीफों की प्रतियां प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया और कृष्ण बेदी को भी भेजी गई हैं।

PunjabKesari
 

इस्तीफा देने वालों में उकलाना से विनोद, बनभौरी से मनबीर सरपंच, अग्रोहा से मोहन लाल, पाबड़ा से मीना शर्मा, आदमपुर से चंद्रप्रकाश, बालसमंद से रमेश बेनीवाल, काजला से राजेंद्र सोनी, आर्यनगर से भूप सिंह खीचड़, आजाद नगर से सुमन कस्वां और स्याहड़वा से बलजीत फोगाट सहित अन्य शामिल हैं। 

PunjabKesari

बताया जा रहा है कि विवाद 2 अगस्त को जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना द्वारा तीन नए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद बढ़ा। उकलाना, अग्रोहा और स्याहड़वा मंडलों में नई नियुक्तियों को लेकर असंतोष पैदा हुआ, क्योंकि पुराने अध्यक्षों का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ था। मंडल अध्यक्षों का आरोप है कि पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा के बावजूद उन्हें संगठन में उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा। 

PunjabKesari

उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को नेतृत्व के सामने उठाया, लेकिन समाधान न मिलने पर सामूहिक इस्तीफा दे दिया। वहीं, इस पूरे मामले पर जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना ने कहा कि उन्हें अभी तक सामूहिक इस्तीफों की आधिकारिक जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान भी जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ का रणजीत चौटाला के साथ विवाद सामने आया था। चुनाव के बाद दी गई रिपोर्ट में भी कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए गए थे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static