चरखी दादरी और हांसी जिले के लिए पुलिस विभाग में 638 पदों की भर्ती स्वीकृत:  अभिमन्यु

8/1/2018 4:21:33 PM

चंडीगढ़(धरणी):  हरियाणा सरकार ने नवगठित जिले चरखी दादरी और हांसी के लिए पुलिस विभाग के पदों को स्वीकृति प्रदान की है। यह जानकारी देते हुए हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि दोनों जिलों के लिए 638 पद स्वीकृत किये हैं। इनमें से 73 पदों को आउटसोर्सिंग नीति के तहत स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में चरखी दादरी को जिला बनाया है। नया जिला बनने के साथ ही वहां के लिए पुलिस विभाग के लिए 534 पदों को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि चरखी दादरी के लिए पुलिस अधीक्षक का 1 पद, सहायक पुलिस अधीक्षक का 1 पद, उप पुलिस अधीक्षक के दो पद, डीडीए 1 पद, निरीक्षक 1 पद, सहायक निरीक्षक के 14 पद, सहायक उप निरीक्षक के 33 पद, प्रधान सिपाही के 90 पद, सिपाही के 325 पद, सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर का एक पद और चतुर्थ श्रेणी के 65 पद मंज़ूर किये गये हैं। चतुर्थ श्रेणी के 65 पदों को आउटसोर्सिंग पालिसी भाग एक के तहत मंज़ूर किया गया है। इन पदों से  सरकार पर वार्षिक करीब साढ़े 21 करोड़ का सालाना भार पड़ेगा।

अभिमन्यु ने बताया कि पुलिस जिला हांसी के लिए 104 पद मंज़ूर किये गये हैं। हांसी के लिए उप पुलिस अधीक्षक का 1 पद, निरीक्षक के 2 पद, उप निरीक्षक के 6 पद, सहायक उप निरीक्षक के 10 पद, प्रधान सिपाही के 15 पद, सिपाही के 60 पद, फार्मासिस्ट के दो, और चतुर्थ श्रेणी के लिए 8 पद मंज़ूर किये गये हैं। चतुर्थ श्रेणी के पदों को आउटसोर्सिंग नीति के तहत मंज़ूर किया गया है। उन्होंने बताया कि हांसी के लिए स्वीकृत पदों पर वार्षिक करीब 7 करोड़ का खर्च आएगा।

प्रदेश सरकार राज्य में कानून व्यवस्था को ज्यादा मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। जहां एक और सामान्य पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है वहीं महिलाओं के लिए ख़ास तौर पर महिला पुलिस थाने खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा की चरखी दादरी और हांसी के लिए स्वीकृत पदों को जल्दी भरा जाएगा। ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

Rakhi Yadav