प्रदेश में होगी 4500 पुरुष व 1092 महिला पुलिस कर्मियाें की भर्ती: CM

11/9/2017 11:18:03 AM

पंचकूला(उमंग श्योराण): प्रदेश में 4500 पुलिस और 1092 महिला पुलिस कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। 9 आईपीएस भी लिए जाएंगे। महिला पुलिस कर्मचारियों की संख्या को 33 प्रतिशत किया जाएगा।पुलिस कर्मचारियों को सर्दी के मौसम को देखते हुए गर्म जैकेट के लिए 1200 रुपए नकद दिए जाएंगे। वेतन के साथ-साथ यात्रा भत्ता तथा मृत्यु हो जाने पर पुलिसकर्मियों के बच्चों को डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी।

यह घोषणाएं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने पंचकूला में सेंट्रल पुलिस कंट्रोल रूम डायल हरियाणा-100 के भवन का शिलान्यास करने के दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। उन्होंने यहीं पर पूर्व की सरकारों पर निशाना भी साधा। कहा, अब पारदर्शिता से भर्तियां हो रही हैं। अब किसी को अपने राजनीतिक आकाओं के पास नहीं जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए विकास एवं जनता को न्याय दिलाने के बीच पुलिस एक महत्वपूर्ण कड़ी होती है। किसी भी मामले में पुलिस द्वारा दायर प्रथम प्राथमिकी सूचना पर ही न्याय की धुरी इर्द-गिर्द घूमती है और कभी कभार तो यह न्यायधीश को भी बांध देती है।

लगाएं जाएंगे एक लाख नए CCTV कैमरे
इस वर्ष सार्वजनिक स्थलों पर एक लाख नए सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में सीसीटीवी कैमरे की संख्या बढ़कर तीन लाख हो जाएगी। सरकार की ओर से डायल हरियाणा-100 का नाम भी बदला जाएगा। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एसएस प्रसाद के डायल हरियाणा 100 का कोई अच्छा नाम देने के सुझाव मांगा है। प्रसाद ने मौके पर अधिकारियों से अच्छा नाम सुझाव की बात कही। साथ ही कहा, जिसके नाम का चयन होगा, उसे 5100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।