निगम की अतिक्रमण हटाओ मुहिम में शिकार हुए रेहड़ीवाले

8/6/2019 10:30:07 AM

अम्बाला (रीटा/सुमन): नगर निगम ने सोमवार को शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाया। बड़े दुकानदारों पर निगम की मेहरबानी लेकिन रेहड़ी और ठेले वालों को बख्शा नहीं गया। बिहार और यू.पी. से बड़ी तादाद में आए प्रवासियों की रोजी-रोटी रेहडिय़ों के सहारे चलती है। निगम के अधिकारियों ने जगाधरी गेट से अपने अभियान की शुरूआत की। निगम कर्मियों ने अपनी दुकान के बाहर रखे दुकानदारों के बोर्ड उठा लिए और ट्रॉली में भर लिया। कई रेहड़ीवालों की छतरी, उनके तराजू व अन्य सामान भी निगम के लोगों ने उठा लिया। टीम पुराने सैशन कोर्ट के आगे से गुजरी जरूर लेकिन वहां मुख्य सड़क पर टैंट लगाकर बनी दर्जनों फलों की दुकानों को चेतावनी देकर फिर कभी कार्रवाई करने की बात कह कर छोड़ दिया। कुछ जगह छोटे दुकानदारों व रेहड़ीवालों ने निगम की कार्रवाई का विरोध भी किया।

शहर के कई मुख्य बाजारों में दुकानदारों ने कई-कई फुट अतिक्रमण किया हुआ है। थोक कपड़ा मार्कीट में अतिक्रमण के चलते हर रोज जाम लगा रहता है। सामान्य बस स्टैंड के सामने व अग्रसैन चौक पर रेहडिय़ों की भरमार से वाहनों को आने-जाने में काफी दिक्कत आती है। न.नि. की टीम को इन इलाकों का भी जायजा लेना चाहिए। शहर में मानव चौक को छोड़ कहीं भी रेहड़ी मार्कीट नहीं है जिसके चलते रेहड़ीवालों को मजबूरन सड़क पर खड़े होना पड़ता है।
शहर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण चल रहे हैं। कुछ इलाकों में तो पूरी की पूरी मार्कीट बिना नक्शे पास करवाए बन गई है। निगम के अधिकारी कभी कभार उन्हें नोटिस थमाकर अपनी कागजी कारवाई पूरी कर लेते हैं। आवासीय क्षेत्रों में थोक के भाव अवैध निर्माण हुए हैं और अब भी हो रहे हैं। 

अम्बाला की डी.सी. शरणदीप कौर बराड़ को पिछले 2 महीनों से निगम आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने जिले के कई विभागों को पटरी पर लाने का काम किया है। कहा जा रहा है उनके आने से निगम में पिछले कुछ सालों से चल रही धांधलियों पर नकेल डलेगी।

Isha