राज्यसभा चुनाव विवाद पर रेणु बाला ने खोला मोर्चा, बोलीं- ''दिखाकर डाला था वोट, चापलूसी नहीं करती''
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 06:33 PM (IST)
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां साढ़ौरा से कांग्रेस विधायक रेणु बाला ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर क्रॉस वोट हुई तो प्रूफ दिखाए।
साढ़ौरा की कांग्रेस विधायक रेणु बाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने पार्टी के नियमों के अनुसार ही अपना वोट डाला है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने प्रभारी को वोट दिखाकर ही मतदान किया, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न रहे। इसके बावजूद उन पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। रेणु बाला ने आरोप लगाया कि पार्टी के अंदर ही कुछ लोग हैं जो कांग्रेस को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। ये वही लोग हैं जो पार्टी को कमजोर करने और अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए इस तरह के विवाद खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ बड़े नेता पार्टी को अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो कांग्रेस के हित में नहीं है।
रेणु बाला ने यह भी कहा कि वे हमेशा से कांग्रेस के लिए ईमानदारी से काम करती आई हैं और आगे भी करती रहेंगी। उन्होंने साफ किया कि वे चापलूसी की राजनीति में विश्वास नहीं रखतीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने को प्राथमिकता देती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके लिए सर्वोपरि है और वे पार्टी की मजबूती के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से भी अपील की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
वही उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर भी पलटवार करते हुए कहा कि गद्दार कौन है यह सब जानते है। विधानसभा चुनाव में किसने गद्दारी की यह सब को पता है। वही मैंने कहा कि जिन लोगों ने गद्दारी की है उनका नाम छुपाया जा रहा है और षडयंत्र और राजनीति के तहत हमारा नाम उछाला जा रहा है।