(VIDEO) ''कुर्सी पर जो भी आए, बेटियों की आवाज बुलंद रखे'', इस्तीफा देने से पहले रेनू भाटिया ने दिया खास संदेश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 03:07 PM (IST)

फरीदाबाद(पूजा शर्मा): हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पद छोड़ने से ठीक पहले उनका एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे भावुक नजर आईं और उन्होंने हरियाणा की सभी बेटियों को अपना आशीर्वाद व दुआएं दीं।  

अपने वायरल वीडियो संदेश में रेनू भाटिया ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा पूरी ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने आने वाले समय के लिए अपनी उम्मीदें साझा करते हुए कहा "भविष्य में जो भी इस गरिमामयी कुर्सी पर विराजमान हो, उनसे मेरी यही उम्मीद रहेगी कि वे बेटियों के हितों की आवाज को इसी तरह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से बुलंद रखेंगी।"

रेनू भाटिया ने अपने साढ़े चार साल से अधिक के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके सामने जब भी महिलाओं या बेटियों से जुड़ा कोई मामला आया, उन्होंने बिना किसी डर के अन्याय के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ किया कि भले ही वह इस पद से हट रही हैं, लेकिन महिलाओं के अधिकारों और उनके सम्मान की लड़ाई वह हमेशा लड़ती रहेंगी।

इस्तीफा सौंपने के साथ ही रेनू भाटिया ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने खुद पर भरोसा जताने और महिलाओं के हक में काम करने का अवसर देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

 रेनू भाटिया का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कुरुक्षेत्र के एक सरकारी अस्पताल (LNJP) में नाबालिग से हुई दरिंदगी के मामले में उनके द्वारा नर्सिंग स्टाफ को लेकर की गई एक टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था।  प्रदेशभर का नर्सिंग स्टाफ उनके बयान के खिलाफ 'पेन-डाउन स्ट्राइक' और प्रदर्शन कर रहा था, जिसमें उनके इस्तीफे की मांग की जा रही थी।  हालांकि, रेनू भाटिया ने इस विवाद पर माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण पूरी तरह पारिवारिक बताया है। उन्होंने कहा कि वे आने वाले समय में जापान और अपनी बेटी से मिलने अमेरिका जा रही हैं, जिसके कारण वे लंबे समय (लगभग 3 महीने) तक उपलब्ध नहीं रह पाएंगी, इसलिए उन्होंने अपना त्यागपत्र सौंपा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static