चरखी दादरी में बिजली-पानी संकट पर लोगों का प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 12:39 PM (IST)
चरखी दादरी (पुनीत) : वेयरहाउस क्षेत्र के पास रहने वाले स्थानीय लोगों ने बिजली और पानी की गंभीर समस्या को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सड़क पर जमा हो गए और प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में बिजली की आपूर्ति बाधित है और पानी की भी भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते मजबूर होकर उन्हें अपने बच्चों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की ।
प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।